तहलका न्यूज,बीकानेर।पंजाब से पराली भरकर आ रहे ट्रॉली का टायर फटने के बाद उसमें आग लग गई। सूखी पराली होने के कारण आग तेजी से फैल गई।कुछ ही देर में पूरी पराली जलकर राख हो गई।आसपास के किसान और लोगों ने ट्यूबवेल के पानी से आग पर काबू पाया।जानकारी के अनुसार,डारेवाला (लूनकरणसर) निवासी विनोद कुमार पंजाब से ट्रॉली में पराली भरकर आ रहे थे।चक असरासर और रामसरा के बीच अचानक ट्रॉली का टायर फट गया। इसके बाद ट्रॉली में आग लग गई।सूखी पराली होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
किसानों ने ट्यूबवेल चलाकर बुझाई आग
आग की सूचना मिलते ही आसपास के किसान मौके पर पहुंचे। पास के खेतों में लगे ट्यूबवेल चलाकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।समय रहते किसानों के प्रयास से आग को आसपास के खेतों में फैलने से रोक लिया गया। गनीमत रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।महाजन पुलिस भी मौके पर पहुंची। सूचना मिलने पर महाजन थाने से एएसआई जयप्रकाश यादव,कॉन्स्टेबल पवन कुमार और कालूराम मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली।
दमकल की सुविधा नहीं होने से बढ़ता है नुकसान
ग्रामीण नरेंद्र कड़वासरा और मालाराम खातडिय़ा ने बताया कि क्षेत्र में दमकल की सुविधा नहीं होने के कारण आगजनी की घटनाओं में समय पर मदद नहीं मिल पाती। ऐसी घटनाओं में आग तेजी से फैलने पर किसानों और ग्रामीणों को खुद ही ट्यूबवेल के सहारे आग बुझानी पड़ती है।क्षेत्र में दमकल की व्यवस्था होने से आगजनी की घटनाओं में होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है।
