तहलका न्यूज,बीकानेर।शहर में सबसे व्यस्त मार्केट कोटगेट से बाहर स्थित एक दुकान में आग लगने से अफरा तफरी मच गई।बताया जा रहा है कि केवलजी पंसारी की दुकान में बुधवार सुबह अचानक आग लग गई।दुकान से धुआं उठता देखकर आसपास से गुजर रहे लोगों ने दुकान मालिक को फोन कर सूचना दी।इसके बाद दुकान का दरवाजा खोला गया तो अंदर आग काफी तेज हो चुकी थी।दमकल के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।बाद में दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर पानी की मदद से आग पर काबू पा लिया।प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।आग से दुकान में रखा पंसारी का सामान जलकर राख हो गया।हालांकि,घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।फिलहाल इस बात का पता नहीं चल पाया है कि कितने रूपये का नुकसान हुआ है।
आग की सूचना पर जमा हुई भीड़
आग लगने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।स्थानीय लोगों की तत्परता और दमकल टीम की कार्रवाई से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।कोटगेट पर पंसारी की दो दुकानें हैं।दोनों दुकानों में घरेलू मसालों के साथ आयुर्वेद से जुड़े मसाले भी मिलते हैं।आम दिनों में दिन के समय इन दुकानों पर भारी भीड़ रहती है। पास ही फूल-माला बेचने वाले दर्जनभर लोग बैठते हैं।
फिर फाटक बना परेशानी का सबब
बीकानेर के लिये नासूर बने रेलवे फाटक एक बार फिर परेशानी का सबब बना। जब बीछवाल क्षेत्र से अग्निशमन की गाडिय़ा आई तो रेल फाटक बंद होने के कारण उन्हें इंतजार करना पड़ा।ऐसे में दुकान में लगी आग को बुझाने में दिक्कतें सामने आई। हालांकि दूसरे क्षेत्र से छोटी गाडिय़ों से आग पर काबू का प्रयास शुरू कर दिया गया।लेकिन रेल फाटकों की समस्या के चलते समय पर बड़ी गाड़ी नहीं पहुंच पाई।
