anil-kalla-mayor-bikaner-1_1791375309

तहलका न्यूज,बीकानेर।दीपावली से पहले शहर को साफ-सुथरा,रोशन और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं।शहर के सभी 80 वार्डों में सफाई,स्ट्रीट लाइट,सड़कों और नालियों की मरम्मत से लेकर सजावट,अग्निशमन और सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।हर वार्ड में कम से कम 100 नई स्ट्रीट लाइट लगाने,दो पारियों में सफाई और नियमित कचरा उठाने की व्यवस्था करने को कहा गया है।5 नवंबर तक क्षतिग्रस्त सड़कों और नालियों की मरम्मत पूरी करने के निर्देश हैं। वहीं दीपावली के दौरान 24 घंटे फायर कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा और खुले सीवरेज होल पर ढक्कन लगाए जाएंगे।

हर वार्ड में कम से कम 100 नई स्ट्रीट लाइटें
महापौर अनिल कल्ला ने कहा कि सभी 80 वार्डों में तत्काल सर्वे कर बंद या खराब स्ट्रीट लाइटों की जानकारी जुटाई जाएगी।हर वार्ड में कम से कम 100 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएगी।मुख्य बाजारों, मार्गों और ऐतिहासिक स्थलों पर भी लाइटिंग और लाइट माला भी लगाई जाएगी।सभी वार्डों में नियमित रूप से दो पारियों में सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं।मुख्य बाजारों में अनुबंधित सफाई श्रमिकों के जरिए रात के समय विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। सभी वार्डों में कम से कम दो बार नियमित रूप से कचरा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

5 नवंबर तक सड़कों और नालियों की मरम्मत
तकनीकी कार्मिक सभी 80 वार्डों का सर्वे कर क्षतिग्रस्त सड़कों, गड्ढों और खराब नालियों की पहचान करेंगे।संबंधित वार्ड पार्षद से जानकारी लेने के बाद 5 नवंबर 2026 तक इनकी मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं।दीपावली के दौरान निगम की मुख्य बिल्डिंग,शहर के प्रमुख चौराहों, मुख्य बाजारों और महत्वपूर्ण मार्गों पर आर्टिफिशियल सजावट कराई जाएगी। इसके लिए इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

24 घंटे सक्रिय रहेगा फायर कंट्रोल रूम
निगम ने शहर के संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर छोटी अग्निशमन गाडिय़ों की तैनाती करने और शहर के बाहरी क्षेत्र के लिए बड़ी दमकल गाडिय़ों की व्यवस्था करने को कहा है।दीपावली के दौरान फायर कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा।अग्निशमन कर्मचारियों को त्योहार के दौरान अवकाश नहीं देने और सभी संसाधनों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

खुले सीवरेज होल पर लगेंगे ढक्कन
दीपावली को ध्यान में रखते हुए शहर के सभी 80 वार्डों में खुले पड़े सीवरेज होल पर ढक्कन लगाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सीवरेज लाइनों का काम सड़क निर्माण से पहले पूरा कराने की बात भी प्रेस नोट में कही गई है।