






तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले के लूणकरणसर कस्बे में विश्वकर्मा मार्केट के पास बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार बेलिनो कार आगे चल रहे डंपर के पीछे जा घुसी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।हादसे में संदीप शर्मा पुत्र बद्री प्रसाद शर्मा,कृतिका शर्मा पत्नी संदीप शर्मा,आशा जीवन पत्नी बद्री प्रसाद तथा सुषमा की मौके पर ही मौत हो गई।सभी मृतक श्रीगंगानगर जिले के करणपुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।सूचना मिलते ही लूणकरणसर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा तेज गति के कारण हुआ माना जा रहा है, हालांकि पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।इस हृदयविदारक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
कार का आगे का हिस्सा चकनाचूर
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि डम्पर के नीचे घुसी कार का आगे का हिस्सा चकनाचूर हो गया और कार में सवार चारों लोग बुरी तरह फंस गए।हादसे के बाद मार्केट के दुकानदारों व पुलिस ने कार में फंसे लोगों को निकालकर लूणकरनसर के राजकीय उप जिला अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया तथा गंभीर घायल एक महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।वहीं,सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।
जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने जा रहे थे
कार में सवार लोग करणपुर से रवाना होकर बीकानेर में जयपुर रोड स्थित आरकेपुरम कॉलोनी में रहने वाले रिश्तेदार रामकुमार शर्मा की पोती के जन्मदिन पर बुधवार को पार्टी में शामिल होने जा रहे थे।रामकुमार शर्मा मृतक संदीप शर्मा के मामा व मृतका जीवन आशा के भाई हैं।हादसे के बाद घटना स्थल पर पहुंचे रामकुमार शर्मा की रूलाई फूट पड़ी।
