तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले के लूणकरणसर भ्रष्ट्राचार निरोधक ब्यूरो टीम को प्राइवेट बस में सफर कर रहे युवक के पास 85 लाख रुपए नकद मिले। पूछताछ में सामने आया है कि ये रकम बीज निगम के नामित निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई के श्रीगंगानगर स्थित ठिकाने पर पहुंचाई जानी थी।युवक के इनपुट के बाद एसीबी की दूसरी टीम ने बीज निगम के नामित निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई के घर पर छापा मारा,जहां से 1 करोड़ 58 लाख रुपए कैश मिले।एसीबी ने 2 कार्रवाई में कुल 2.43 करोड़ रुपए कैश बरामद किए। एसीबी टीम बस से पकड़े गए युवक स्वतंत्र ज्याणी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में जुगल किशोर बिश्नोई से भी पूछताछ की जाएगी।
90 लाख बस में इधर-उधर होने का था इनपुट
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार ने बताया कि रविवार को सूचना मिली थी कि बेनामी संपत्ति और अवैध धन के मामले से जुड़े कुछ लोग बड़ी राशि को बीकानेर से श्रीगंगानगर भेजने की तैयारी में हैं। एक युवक के माध्यम से बस के जरिए क रीब 90 लाख रुपए श्रीगंगानगर पहुंचाने की सूचना थी।
थैलों और गत्तों में मिले 85 लाख
एएसपी ने बताया कि एसीबी टीम ने पुलिस की मदद से नाकाबंदी करके लूणकरणसर थाना क्षेत्र के पास बीकानेर से श्रीगंगानगर जा रही प्राइवेट बस को रुकवाया। बस में बैठे युवक स्वतंत्र ज्याणी की तलाशी के दौरान थैलों और गत्ते के अलग-अलग बॉक्स से 85 लाख रुपए बरामद हुए। पूछताछ में युवक ने बताया कि ये रकम श्रीगंगानगर में जुगल किशोर बिश्नोई के एक ठिकाने पर पहुंचाई जानी थी।
दो बार सर्च में 1 करोड़ 58 लाख मिले
एएसपी विनोद कुमार ने बताया कि युवक के कबूलनामे के बाद एसीबी की दूसरी टीम ने बीज निगम के नामित निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई के बीकानेर के जयपुर रोड स्थित मयूर विहार स्थित घर पर छापा मारा था। सर्च में यहां पर 1.58 करोड़ रुपए कैश मिले। अब एसीबी की टीम रकम से जुड़े सोर्स के बारे में पूछताछ कर रही है।
