तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ में मंगलवार सुबह महिला की अद्र्धनग्न लाश मिलने के मामले का पुलिस जल्द ही पर्दाफाश कर सकती है। पुलिस ने उस युवक को हिरासत में लिया है,जो उसके साथ लिव इन मे रहता था और हत्या के बाद से ही फरार था। महिला के नाबालिग बेटे ने उस पर शक जताते हुए एफआईआर दर्ज करवाई थी,जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू की। सीओ निकेत पारीक ने बताया कि महिला के बेटे ने अपनी मां को पहचान लिया। महिला झालावाड़ के भालता में उमरिया गांव के निवासी 37 वर्षीय बाली बाई भील पत्नी बाल चंद भील थी और वो पिछले सात-आठ साल से अपने पति से अलग फूल सिंह भील के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहती थी। महिला के नाबालिग बेटे ने पुलिस को बताया कि दोनों शराब पीकर झगड़ा करते थे। सोमवार की रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। उस समय बेटा वहीं पर था लेकि न दोनों के झगड़े के बीच वो होटल में खाना खाने चला गया। वापस लौटा तो दोनों वहां नहीं थे। इस पर उसने पुलिस थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस को महिला की लाश पहले ही मिल चुकी थी,जिसे उसने पहचान लिया। उसी ने पुलिस को फूल सिंह भील के बारे में बताया। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

कोटा में मिला,पुलिस ने दबोचा
फूल सिंह के मोबाइल नंबर मिलने के बाद से पुलिस ने अपना काम शुरू कर दिया। गोपनीय तरीके से उसके मोबाइल नेटवर्क से पता किया गया कि वो कहां गया है। कोटा रूट की लोकेशन मिलने पर पुलिस भी पीछे पीछे पहुंच गई। कोटा में उसे दबोच लिया गया। अब पुलिस उसे लेकर वापस बीकानेर आ रही है। दोपहर बाद ही उससे पूछताछ होगी। जिसके बाद गिरफ्तारी हो सकती है।

पत्थर से कनपटी पर हमला
सीओ निकेत पारीक ने बताया कि महिला के सिर पर कनपटी के पास नुकीले पत्थर से हमला किया गया है। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह मॉर्निंग वॉक करने वालों ने लाश देखी तब पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अद्र्धनग्न हालत में पड़े महिला के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया।