तहलका न्यूज,बीकानेर।राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में किसी प्रकार की खलल या विरोध पैदा न हो। इसको लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है और कांग्रेस,आरएलपी व माकपा नेताओं को नजरबंद किया है।मुख्यमंत्री के बीकानेर आगमन से चार घंटे पहले हुई इस कार्रवाई में कांग्रेस नेता हरीराम बाना,आरएलपी नेता डॉ.विवेक माचरा और माकपा नेता मुकेश ज्याणी को पुलिस अपने साथ ले गई है।श्रीडूंगरगढ़ में ट्रोमा सेंटर की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच इन नेताओं को डिटेन किया गया है,ताकि मुख्यमंत्री कार्यक्रम में कोई हंगामा नहीं हो। बताया जा रहा है कि राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह इस बार बीकानेर में आयोजित हो रहा है। समारोह में वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए श्रीडूंगरगढ़ सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।पुलिस की ओर से एहतियातन राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं को डिटेन करने की कार्रवाई की जा रही है।

यूथ कांग्रेस कार्यालय से कई कार्यकर्ता डिटेन
कांग्रेस के युवा नेता और पीसीसी सदस्य हरिराम बाना के आह्वान पर यूथ कांग्रेस कार्यालय पहुंच रहे युवाओं को पुलिस लगातार अपनी गाडिय़ों में बैठाकर ले जा रही है।यूथ कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष संतोष गोदारा सहित कई युवाओं को पुलिस ने डिटेन किया है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।पुलिस की ओर से डिटेन किए गए कार्यकर्ताओं को फिलहाल कहां रखा गया है।इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

माकपा के युवा नेता मुकेश ज्याणी भी डिटेन
माकपा के युवा नेता मुकेश ज्याणी को भी पुलिस ने डिटेन किया है।ज्याणी को डिटेन किए जाने की कार्रवाई का माकपा कार्यकर्ता विरोध कर रहे हैं।कार्यकर्ताओं का कहना है कि पुलिस की ओर से नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले एहतियात के तौर पर डिटेन कि या जा रहा है।

रक्तदान शिविर में पहुंचे आरएलपी नेता को भी पुलिस ने उठाया
आरएलपी के विधानसभा प्रत्याशी रहे विवेक माचरा भी पुलिस कार्रवाई की जद में आए।माचरा लिखमीसर उतरादा में रक्तदान शिविर में पहुंचे थे।यहां अग्निवीर राकेश जाखड़ की स्मृति में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था। रक्तदान शिविर में मौजूद माचरा को पुलिस वहां से अपने साथ ले गई।

कुछ ओर नेताओं का आ सकता है नंबर
मिली जानकारी के अनुसार शहर के कु छ कांग्रेसी नेताओं को भी पुलिस नजरबंद कर सकती है।ऐसी जानकारी निकलकर सामने आ रही है कि पुलिस इनको ढूंढ रही है।इन नेताओं ने गुरूवार को प्रेस वार्ता कर सीएम को काले झंडे दिखाने की चेतावनी दे रखी है।जिसके बाद पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है।