तहलका न्यूज,बीकानेर। एक ओर तो सरकार सड़क हादसों में कमी लाने के भरसक प्रयास कर रही है। लेकिन सड़क हादसों में कमी नहीं आ रही है। नतीजन शुक्रवार रात को तेज रफ्तार ने एक बार फिर दो घरों के चिराग बुझा दिए। शहर के जेएनवीसी थानान्तर्गत उदासर फांटा स्थित सागर रोड पर तेज रफ्तार एक एसयूवी कार बेकाबू होकर भीषण हादसे का शिकार हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,एसयूवी कार ने पहले स्कूटी सवार दो जनों को टक्कर मारी। इसके बाद कार करीब 500 से 600 फीट तक अनियंत्रित होकर लहराती हुई आगे बढ़ी और रास्ते में एक गाय को चपेट में लेने के बाद बिजली का पोल तोड़ दिया।इसके बाद कार दो दुकानों के सामने से गुजरते हुए एक होटल के बाहर खड़ी दूसरी कार से टकरा कर रूक गई, टक्कर इतनी भीषण थी कि एसयूवी कार हवा में करीब 10 फीट उछल गई और उसके परखच्चे उड़ गए। एयरबैग खुलने के बावजूद कार सवार दो लोगों की मौत हो गई है। हादसे के बाद सड़क पर कार के टूटे हुए हिस्से और कांच बिखर गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
एयरबैग खुले लेकिन नहीं बची जान
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सागर रोड पर एसयूवी कार में सवार एसयूवी सवार पूनीत व मानवेन्द्र आगे का शीशा तोड़कर बाहर जा गिरे।कार के एयरबैग खुलने के बावजूद दोनों युवकों की मौत हुई है। हादसे में आडेवाला पूगल निवासी 32 वर्षीय मानवेंद्र सिंह पुत्र हरि सिंह सोढ़ा और इन्द्रा कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय पुनीत चौधरीपुत्र किशनचंद की मौत हो गई। वहीं,स्कूटी सवार उदासर निवासी 19 वर्षीय भूपेन (19) पुत्र जगदीश राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज जारी है।हादसे में स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में स्कूटी सवार को भी गंभीर चोटें आई जिसे तत्काल निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया,जहां उसका इलाज जारी हैं।
स्थानीय लोगों ने की मदद
सूचना मिलते ही पुलिस व एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर क्षतिग्रस्त बिजली पोल को हटवाया और विद्युत आपूर्ति बहाल करवाई। मौके पर खिदमतगार खादिम सोसायटी एवं असहाय सेवा संस्थान के पदाधिकारी भी पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण एसयूवी कार की तेज रफ्तार माना जा रहा है। हालांकि,हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका सही कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
देर रात हादसा होने से जनहानि कम
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया देर रात सड़क पर लोगों की आवाजाही कम थी,जिस कारण से बड़ी जनहानि टल गई। अन्यथा जिस रफ्तार से एसयूवी कार सड़क पर दौड़ती नजर आई उससे इससे भी बड़ी जनहानि होने सकती थी। फिलहाल पुलिस ने एसयूवी में सवार दोनों युवकों के शव मोर्चरी में रखवाए हैं और और मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी है।
