

तहलका न्यूज,बीकानेर। नगर निगम में कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी का सिलसिला गुरुवार को शुरू हो गया।दोनों पार्टियों ने प्रत्याशियों पर नजर रखनी शुरू कर दी है और उन्हें इक_ा करने की व्यवस्था की है।कांग्रेस के प्रत्याशी जहां गंगाशहर स्थित एक होटल में जमा होंगे। वहीं भाजपा उम्मीदवारों को भी देशनोक से पहले एक रिसोर्ट में ठहराया गया है।हालांकि बीकानेर पश्चिम से 38 प्रत्याशी और पूर्व से महज तीन से चार प्रत्याशी ही भाजपा कैंप में पहुंचे है।भाजपा ने इसे प्रशिक्षण शिविर का नाम दिया है।
प्रत्याशियों को एक बार फिर होटल बुलाया
बुधवार को मतदान खत्म होने के साथ ही कांग्रेस ने अपने सभी 79 उम्मीदवारों को एक होटल में इक_ा कर लिया था।जहां पूर्व केबिनेट मंत्री डॉ. बी.डी.कल्ला,पूर्व शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत और वर्तमान अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल ने सभी से चर्चा की। उम्मीदवारों को गुरुवार शाम एक बार फिर होटल में ही बुलाया गया है।माना जा रहा है कि इन प्रत्याशियों को 14 सितम्बर को परिणाम आने तक बीकानेर या आसपास ही रखा जा सकता है। इसके बाद सभी विजेता पार्षदों को बीकानेर से बाहर ले जाया जाएगा। अगर कांग्रेस बोर्ड बनाने की स्थिति में आती है तो सभी कांग्रेस पार्षदों को राजस्थान से बाहर रखने का प्लान भी बन सकता है।
भाजपा प्रत्याशी निगरानी में
उधर,भाजपा ने अपने पार्षदों को निगरानी में रखते हुए देशनोक से पहले एक रिसोर्ट में रखा है। दोनों विधानसभा से अलग अलग बसों के माध्यम से इनको पहुंचाया गया है तो कुछ निजी वाहन से इस कैेंप में पहुंचे है। बताया जा रहा है कि भाजपा इस बात को लेकर आशंकित है कि बहुमत नहीं आने की स्थिति में कही क्रॉस वोटिंग न हो जाएं। साथ ही भाजपा के एक नेता को जीतने वाले संभावित निर्दलीयों की जिम्मेदारी दी है। सूत्र बताते है कि ये नेता अपने साथ पांच निर्दलीयों को लेकर गुप्त स्थान पर गये है।
