तहलका न्यूज,बीकानेर।शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता का एक प्रेरक उदाहरण शुक्रवार को रघुनाथसर कुआं स्थित लक्ष्मी देवी दम्माणी राजकीय बालिका सीनियर सेकेंडरी स्कूल में देखने को मिला।क्यूबेशन फाउंडेशन की ओर से विद्यालय को 150 टेबल-कुर्सियां समारोहपूर्वक भेंट की गईं।इस पहल से विद्यालय की छात्राओं को बेहतर और सुविधाजनक वातावरण में अध्ययन करने का अवसर मिलेगा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं क्यूबेशन फाउंडेशन के संस्थापक भामाशाह चन्द्रेश हर्ष ने कहा कि किसी भी विद्यालय का सबसे बड़ा संसाधन उसका शिक्षित और समर्पित स्टाफ होता है।छात्राओं को अपने गुरुजनों से अधिक से अधिक सीखने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी अपने शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान करते हैं और पूरी लगन से अध्ययन करते हैं,सफलता उनके कदम अवश्य चूमती है।उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान करते हुए भरोसा दिलाया कि विद्यालय को भविष्य में भी जिन संसाधनों की आवश्यकता होगी,फाउंडेशन हरसंभव सहयोग करेगा।फाउंडेशन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए चंद्रेश हर्ष ने बताया कि “क्यूबेशन” एक जापानी शब्द है, जिसका अर्थ है—वह कार्य जिससे व्यक्ति को सबसे अधिक खुशी और प्रेरणा मिलती है।उन्होंने कहा कि बालिका शिक्षा को मजबूत करना और सरकारी विद्यालयों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना फाउंडेशन की प्राथमिकता है।समारोह में उप जिला शिक्षा अधिकारी अनिल बोड़ा ने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि उनकी माताजी इसी विद्यालय में शिक्षिका थीं और उनकी प्रेरणा से ही वे इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि जिस विषय से डर लगता है,उसी का सबसे अधिक अभ्यास करें।डर पर विजय पाने से ही लक्ष्य हासिल होता है।जनसंपर्क विभाग के सेवानिवृत्त उपनिदेशक विकास हर्ष ने कहा कि क्यूबेशन फाउंडेशन का उद्देश्य अधिक से अधिक बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। शिक्षा में गुणात्मक सुधार से समाज और राष्ट्र दोनों का भविष्य मजबूत होगा।विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद कल्ला ने स्वागत भाषण में बताया कि जब उन्हें जानकारी मिली कि क्यूबेशन फाउंडेशन विभिन्न सरकारी विद्यालयों में संसाधन उपलब्ध करा रहा है, तब उन्होंने संपर्क किया। फाउंडेशन ने तुरंत सहयोग के लिए सहमति दी और आज विद्यालय को 150 टेबल-कुर्सियां उपलब्ध हो गईं।इससे छात्राओं को बैठकर अध्ययन करने में काफी सुविधा मिलेगी।कार्यक्रम के अंत में शारीरिक शिक्षिका अनुराधा स्वामी ने काव्य प्रस्तुति के माध्यम से अतिथियों का आभार व्यक्त किया।इससे पहले मंच संचालन करते हुए वरिष्ठ उदघोषक रविन्द्र हर्ष ने बताया कि क्यूबेशन फाउंडेशन तथा चंचल हर्ष परिवार की ओर से इस विद्यालय में 3.50 लख रुपए की लागत से 150 नग टेबल कुर्सियां भेंट गई है।इससे पहले भी राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय हर्षो का चौक तथा राजकीय बालिका सीनियर सेकेंडरी स्कूल बारह गुवाड़ में भी इसी परिवार द्वारा अनेक संसाधन उपलब्ध कराए गए थे।

भामाशाह हर्ष ने किया सरस्वती माता की मूर्ति का अनावरण

एलबीडी राजकीय बालिका सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आज समाजसेवी चंद्रेश हर्ष ने सरस्वती माता की मूर्ति का अनावरण किया।इस मूर्ति का निर्माण इसी विद्यालय में उपप्राचार्य पद पर कार्यरत अरुण अरोडा व उनकी धर्मपत्नी दर्शना अरोड़ा ने अपने माता-पिता जगदीश राय अरोड़ा व सरस्वती देवी अरोड़ा की स्मृति में कराया है। समाजसेवी भामाशाह चन्द्रेश हर्ष ने इस दौरान सरस्वती माता की पूजा अर्चना की।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी लोकेश अत्रे,राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय हर्षों का चौक के प्रधानाचार्य राजीव पुरोहित,प्रेरक हर्षवर्धन हर्ष,उपप्रधानाचार्य अरुण अरोड़ा,जयंती बिट्टू,अनीता राज,रफीक अहमद, कविता शर्मा,व्याख्याता रामचंद्र सारण,ज्योति आचार्य,सुमन चौधरी,नारायण दास,श्रीमती अनुपम,अजय भाटी,चांदनी स्वामी,दाऊ छंगाणी सहित विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।