तहलका न्यूज,बीकानेर। तिरूपति मंदिर मेें लड्‌डू प्रसाद से जुड़े मामले में 4 माह बाद फिर से ईडी की टीम ने बुधवार को घी व्यापारी मोहनलाल आशीष कुमार अग्रवाल के ऑफिस पर रेड की। जानकारी के अनुसार तिरुपति मंदिर में व्यापारी ने प्रसाद के लिए घी की सप्लाई की थी।ईडी की कार्रवाई की सूचना कोटगेट पुलिस को लगी तो वो भी यहां पहुंची थी। ईडी के अधिकारियों ने पुलिस को मौके से वापस भेज दिया। बता दें कि इसी फर्म पर करीब साढ़े चार महीने पहले 15 जनवरी 2026 को इनकम टैक्स की टीम ने रेड की थी।

समझिए पूरा मामला
2022 में तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के लड्डू प्रसाद में इस्तेमाल होने वाले घी में मिलावट की कई शिकायतें मिली थीं। इसके बाद एसआईटी ने जांच की थी। इसके बाद टीटीडी ने उत्तराखंड की भोलेबाबा डेयरी को ब्लैकलिस्ट कर दिया था।इसके बावजूद डेयरी मालिकों ने दूसरी डेयरी फर्मों के नाम पर टेंडर हासिल किए और घी की सप्लाई जारी रखी। इनमें वैष्णवी डेयरी (तिरुपति),माल गंगा डेयरी (उत्तर प्रदेश)और एआर डेयरी फूड्स (तमिलनाडु) शामिल हैं। ये सब सुब्बा रेड्डी के चेयरमैन रहते हुए हुआ। जुलाई-अगस्त में एसआईटी ने इसका पर्दाफाश किया। सीबीआई के पड़ताल में पता चला कि 2019 से 2024 के बीच तिरूपति मंदिर में 250 करोड कीमत के 68 लाख किलो नकली घी सप्लाई हुआ।