तहलका न्यूज,बीकानेर।प्रदेश में आगामी नगरीय निकाय व पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने तैयारी शुरू कर दी है।आयोग की समीक्षा बैठक में निकाय व पंचायत चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की गई। चुनाव में प्रत्याशियों के लिए चुनाव खर्च की सीमा तय कर दी गई है।इसके साथ ही चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की गाड़ी की संख्या भी निर्धारित कर दी गई है।आयोग की ओर से जारी गाइडलाइन के मुताबिक-मतदान वाले दिन अगर कोई प्रत्याशी गाड़ी का उपयोग करना चाहता है,तो उसे इसके लिए अलग से अनुमति लेनी होगी।वहीं,चुनाव कार्यालय पर लाउड स्पीकर लगाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।पिछले चुनावों की बात करें तो यह राशि एक लाख रूपये बढ़ाई गई है।नगर निगम के प्रत्याशी साढ़े तीन लाख,नगर परिषद के प्रत्याशी ढाई लाख व नगर पालिका के प्रत्याशी डेढ लाख तक राशि खर्च कर पाएंगे।
चुनाव खर्च के लिए बजट का आवंटन
राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव में होने वाले खर्च के लिए सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को बजट का भी आवंटन कर दिया है।प्रदेश के 10 नगर निगमों में चुनाव के दौरान चुनाव कर्मचारियों के TA और DA के लिए आयोग ने सभी निर्वाचन अधिकारियों को कुल 10.31 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया है।वहीं,नगर पालिकाओं और नगर परिषदों के चुनाव के लिए 19.33 करोड़ रुपए का बजट दिया गया है।
15 दिन के अंदर देना होगा चुनाव खर्च का ब्योरा
आयोग ने प्रत्याशियों के चुनाव लड़ने के लिए जो गाइडलाइन जारी की है, उसमें हर प्रत्याशी को चुनाव परिणाम आने के 15 दिन बाद हर हाल में चुनाव खर्च का ब्योरा देने के लिए कहा है।
महापौर और अध्यक्ष का चुनाव होगा ईवीएम से पंच सरपंच चुने जाएंगे मतपत्र से
निर्वाचन आयोग इस बार चुनाव प्रक्रिया में तकनीक व पारंपरिक व्यवस्था,दोनों का प्रयोग करेगा।जिला परिषद सदस्य,पंचायत समिति सदस्य व शहरी निकाय के वार्ड पार्षद का चुनाव एमपीएसवी ईवीएम से कराया जाएगा।इसके विपरीत ग्राम पंचायत के सरपंच व पंच पद के लिए मतदाता मतपेटी में वोट डालेंगे।आयोग ने पदों के अनुसार अलग-अलग रंगों के कागज पर मतपत्र मुद्रित करने का निर्णय लिया है।ग्राम पंचायत के सरपंच पद के लिए सफेद मतपत्र होगा तो पंच पद के लिए गुलाबी मतपत्र होगा।ईवीएम कम होने की स्थिति में पंचायत समिति सदस्य के लिए नीला मतपत्र होगा।जिला परिषद सदस्य के लिए पीले रंग का मतपत्र होगा।मतपत्रों का मुद्रण जिला स्तर पर निजी मुद्रणालय से होगा।मतदान दलों को 2 चरण में प्रशिक्षण दिया जाएगा।नगर निकाय के पार्षद,पंचायत समिति सदस्य व जिला परिषद सदस्य का चुनाव मल्टी पोस्ट ईवीएम से होगा।ग्राम पंचायतों में सरपंच व पंच पदों के लिए बैलेट का उपयोग होगा।इसके लिए 4 अलग अलग रंगों के मतपत्र तय हो चुके हैं।
