तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में परचून की दुकान में आग लगने से सामान जलकर राख हो गया।गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।आशंका जताई जा रही है कि फ्रिज में धमाके के चलते आग लगी और दुकान में रखा सामान जलने के साथ साथ दुकान पट्टियां भी गिर गई।जानकारी मिली है कि दुलचासर गांव में बुधवार तड़के खारिया कुआं के पास स्थित श्याम सुंदर जाजड़ा कीपरचून की दुकान में जोरदार विस्फोट हो गया।धमाका इतना तेज था कि दुकान के आगे लगी 11 पट्टियां टूटकर नीचे गिर गईं।वहीं आग से दुकान में रखा सामान जल गया।राहत की बात यह रही कि घटना रात करीब 3 बजे हुई,उस समय दुकान बंद थी और आसपास कोई मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा टल गया।विस्फोट के बाद दुकान का सामान बाहर तक बिखर गया।
फ्रिज में विस्फोट की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान में रखा फ्रिज हादसे की वजह माना जा रहा है।फ्रिज में आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक्स रखी हुई थीं।आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के बाद फ्रिज में तेज धमाका हुआ,जिससे दुकान को भारी नुकसान पहुंचा। धमाके के बाद दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।हालांकि अभी तक इस बात का पता नहीं चला है कि आखिर कितना सामान जला है और उसकी कीमत क्या है।दुकान संचालक के अनुसार लाखों रूपये के सामान के जलने की संभावना है।
धमाके की आवाज सुनकर पहुंचे लोग
दुकानदार श्याम सुंदर जाजड़ा रात को दुकान बंद कर घर चले गए थे।रात करीब 3 बजे धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें घटना की सूचना दी। सुबह होते ही दुकान के बाहर लोगों की भीड़ लग गई।घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची तथा नुकसान का जायजा लिया।फिलहाल धमाके के कारणों की जांच की जा रही है।शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को हादसे की वजह माना जा रहा है। गनीमत रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
