तहलका न्यूज,बीकानेर।युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब बीकानेर द्वारा संचालित रोटरी स्किल डेवलपमेंट सेंटर के तहत टैली अकाउंटिंग सॉफ्टवेयर का निशुल्क त्रैमासिक प्रशिक्षण शिविर शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।रोटरी क्लब बीकानेर के अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर के नए बैच के लिए इच्छुक युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।इसके लिए आवेदन पत्र रोटरी क्लब,सादुलगंज, बीकानेर में प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से 11:00 बजे तक उपलब्ध हैं।सचिव कुणाल कोचर ने बताया कि भरे हुए आवेदन पत्र 7 अगस्त तक रोटरी क्लब में जमा करवाए जा सकते हैं।प्राप्त आवेदनों के आधार पर समिति द्वारा साक्षात्कार आयोजित कर पात्र विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।चयनित विद्यार्थियों को रोटरी स्किल डेवलपमेंट सेंटर के आगामी बैच में पूर्णतः निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।टैली अकाउंटिंग सॉफ्टवेयर का यह प्रशिक्षण कोर्स तीन माह की अवधि का होगा।प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात प्रतिभागियों को टैली कंपनी की परीक्षा दिलवाई जाएगी तथा सफल अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।साथ ही प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।रोटरी स्किल डेवलपमेंट सेंटर के संरक्षक एवं पूर्व प्रांतपाल रोटेरियन अनिल महेश्वरी,पूर्व प्रांतपाल रोटेरियन राजेश चूरा,रोटेरियन मनीष तापड़िया एवं रोटेरियन शशि मोहन मूंधड़ा ने बताया कि भविष्य में इस प्रकल्प के अंतर्गत कई नए रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण पाठ्यक्रम भी प्रारंभ किए जाएंगे रोटरी क्लब बीकानेर समाज के सर्वांगीण विकास एवं जनहित के कार्यों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाता रहा है तथा आगे भी ऐसे जनकल्याणकारी प्रकल्प संचालित करता रहेगा।
