तहलका न्यूज,बीकानेर।श्री कोलायत विधानसभा क्षेत्र के विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने आज अपने क्षेत्रीय प्रवास के दौरान गजनेर लिफ्ट परियोजना की रणधीसर माइनर का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान कार्यों में विभिन्न कमियाँ पाए जाने पर विधायक भाटी ने विभागीय अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराज़गी व्यक्त की तथा कार्यों में अनावश्यक विलंब पर असंतोष जताया।इस दौरान मौके पर उपस्थित अधीक्षण अभियंता एवं अधिशासी अभियंता ने विधायक भाटी को अवगत कराया कि ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस कार्य आगामी सात दिनों में पूर्ण हो जाएगा।इस अवधि में काश्तकारों को फव्वारा (स्प्रिंकलर) पद्धति से सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराने हेतु तीन दिनों तक मोघे बंद रखकर डिग्गियों को भरा जाएगा,ताकि जल का समुचित प्रबंधन सुनिश्चित हो सके।किसानों की समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने आईजीएनपी के मुख्य अभियंता विवेक गोयल से दूरभाष पर वार्ता कर तत्काल पानी छोड़ने के निर्देश दिए।विधायक के हस्तक्षेप का त्वरित प्रभाव देखने को मिला और आज दोपहर 12 बजे रणधीसर माइनर में पानी का प्रवाह प्रारंभ कर दिया गया,जिससे क्षेत्र के काश्तकारों को बड़ी राहत मिली।निरीक्षण के दौरान विधायक भाटी ने आईजीएनपी के मुख्य अभियंता विवेक गोयल से दूरभाष पर वार्ता कर रणधीसर माइनर में तत्काल पानी छोड़ने के निर्देश दिलवाए तथा स्पष्ट कहा कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सिंचाई व्यवस्था का नियमित पर्यवेक्षण करते हुए जल वितरण में पारदर्शिता,समयबद्धता एवं प्रभावशीलता सुनिश्चित की जाए।निरीक्षण के दौरान रणधीसर माइनर पर ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस कार्यों में गंभीर लापरवाही सामने आने पर विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने विभागीय अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराज़गी व्यक्त की।मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक अभियंता (AEN) ओंकार मल एवं कनिष्ठ अभियंता (JEN) जयप्रकाश को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। नोटिस में उल्लेख किया गया है कि ओ एंड एम कार्य पूर्ण होने की सूचना दिए जाने के बावजूद निरीक्षण के दौरान कार्य अपूर्ण पाया गया, जिससे नहर का पानी व्यर्थ बह रहा था। अधिकारियों से तीन दिवस के भीतर जवाब तलब करते हुए नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।विधायक भाटी ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा एवं समय पर सिंचाई जल उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।क्षेत्र के प्रत्येक काश्तकार को आवश्यकतानुसार पानी उपलब्ध हो,इसके लिए विधायक कार्यालय निरंतर निगरानी रखेगा तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।