तहलका न्यूज,बीकानेर। सेवानिवृत कर्मचारियों के उच्च पेंशन प्रकरणों में हो रही देरी को त्वरित निपटाने की मांग को लेकर आरएसआरटीसी रिटायर्ड एम्पलाइज एसोसिएशन की ओर से जिला कलेक्टर कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। अध्यक्ष हनुमंत मेहरा की अगुवाई में किए गए प्रदर्शन में कर्मचारियों ने ज्ञापन में अवगत करवाया कि सेवानिवृत्ति कर्मचारियों के उच्च पेंशन प्रकरणों के संबंध में लंबे समय से मुख्य प्रबंधक राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम बीकानेर को बार-बार लिखित अवगत करवाने के बाद उनका निस्तारण नहीं किया जा रहा है। जिसके चलते इन प्रकरणों पर ठोस कार्रवाई अब तक नहीं हुई है,स्थिति यह है कि सेवानिवृत कर्मचारी अपने वैधानिक अधिकार से वंचित रहते हुए कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर कर रहे हैं और कई सेवानिवृत कर्मचारी तो लंबित प्रकरणों के अभाव में इस दुनिया को अलविदा कर गए हैं। उन्होंने श्रीगंगानगर आगार का उदाहरण देते हुए बताया कि श्रीगंगानगर कलेक्टर द्वारा पेंशन प्रकरण मामलों में हस्तक्षेप करने पर ऐसे प्रकरणों का निस्तारण त्वरित हो गया। मेहरा ने जिला कलक्टर से आग्रह किया कि अगर आप सेवानिवृत कर्मचारियों की भावनाओं को समझकर हस्तक्षेप करें तो निश्चित तौर पर इसका लाभ सेवानिवृत कर्मचारियों को मिल सकता है। प्रदर्शन करने वालों में कार्यकारी अध्यक्ष अर्जुन लाल, प्रदेश सचिव देवीलाल,शाखा सचिव गिरधारी लाल सहित अनेक कर्मचारी शामिल रहे।
