तहलका न्यूज,बीकानेर।जिला पुलिस कप्तान की ओर से चलाएं जा रहे ऑपरेशन नीलंकठ के तहत मादक पदार्थों की अवैध सप्लाई करने वालों पर शिकंजा कसते हुए तीन अलग अलग थाना पुलिस ने कार्रवाई की है।मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिले इनपुट के आधार पर जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ओर सदर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है।आरोपियों के कब्जे से करीब 106 ग्राम एमडीएमए बरामद की गई है,जिसकी अनुमानित कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार,20 जुलाई को मिलिट्री इंटेलिजेंस को सूचना मिली थी कि असलम काजी,निवासी नागौर,बीकानेर में मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय है।सूचना के सत्यापन के बाद मिलिट्री इंटेलिजेंस ने ऑपरेशन को अंजाम दिया।इसके बाद 23 जुलाई को मिलिट्री इंटेलिजेंस,डीएसटी और सदर थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया।देर शाम पीबीएम अस्पताल के पास असलम काजी (25) पुत्र उस्मान काजी निवासी दिली दरवाजा,नागौर को गिरफ्तार किया गया।तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 106 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई।पूछताछ में आरोपी ने ताराचंद पुत्र रूपचंद,निवासी भीनासर,थाना गंगाशहर के भी इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी दी।इसके बाद दोनों आरोपियों को सदर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस पूरे नेटवर्क,मादक पदार्थ की सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

एमडी सहित दो तस्करों को पकड़ा
उधर दो युवाओं को जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस ने एमडी सहित धर-दबोचा है। आरोपियों की पहचान गंगापुरा हाल रानी बाजार निवासी 22 वर्षीय प्रेम विश्नोई पुत्र पप्पुराम व लक्की मॉडर्न स्कूल के पास,रानी बाजार निवासी 25 वर्षीय अशोक विश्नोई पुत्र श्रवण राम विश्नोई के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से 61.72 ग्राम एमडी पकड़ी है। वहीं तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी जब्त की है।पुलिस सूत्रों के मुताबिक दोनों पर पुलिस को पिछले कुछ दिनों से शक था। कांस्टेबल हरफूल सिंह यादव आरोपियों की कुंडली खंगाल रहे थे।मौका मिलते ही हरफूल की आसूचना पर थानाधिकारी देवेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर सुशीला मीणा मय टीम ने दोनों को माल सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को डी-मार्ट के पीछे,स्वर्ण जयंती वाली रोड़ से पकड़ा गया है।

डोडा पोस्त सहित दो तस्कर गिरफ्तार
जिले के छतरगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 किलो डोडा पोस्त के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई नाकाबंदी के दौरान की गई।थानाधिकारी नवनीत सिंह धारीवाल ने बताया कि पुलिस टीम ने इंदिरा गांधी नहर की 585 आरडी पुलिया के नीचे नाकाबंदी कर रखी थी।इसी दौरान सत्तासर गांव की ओर से आ रही एक मारुति स्विफ्ट कार को रुकने का इशारा किया गया।तलाशी लेने पर कार से 30 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ।पुलिस ने मौके से कार में सवार सलमान पुत्र सामू खां एवं मजीद खां पुत्र जुम्मे खां,निवासी बांगड़सर, तहसील बज्जू, को गिरफ्तार कर लिया।दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।इस कार्रवाई में 465 चौकी प्रभारी एसआई मोहनलाल, एएसआई राजेश,कांस्टेबल रामपाल,राजेंद्र,संदीप तथा चालक मंगल सिंह कांस्टेबल पारस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।