



तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले के पूगल थाना क्षेत्र में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया,जहां स्कूली बच्चों को ले जा रहा एक निजी स्कूल का वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के वक्त गाड़ी में करीब 18 से 20 बच्चे सवार थे। इस घटना में 15 से अधिक बच्चे घायल हो गए हैं, जिनमें से 7 की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्चे एक बोलेरो कैंपर गाड़ी में सवार होकर स्कूल जा रहे थे। पूगल थाना इलाके में अचानक संतुलन बिगडऩे से वाहन सड़क किनारे पलट गया। गाड़ी पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और निजी वाहनों की मदद से पास के पूगल उपजिला अस्पताल पहुंचाय।
पूगल अस्पताल में किया गया भर्ती
पूगल उपजिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तुरंत घायलों का इलाज शुरू किया। प्राथमिक उपचार के बाद 7 बच्चों की हालत गंभीर पाई गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही पूगल थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजन बच्चों की देखभाल के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।
