तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर में पिछले दो महिनों से किसी न किसी ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी भरे मेल ने प्रशासन की नींद उड़ा रखी है। जिसके चलते एक बारगी सनसनी ओर भय का माहौल पैदा हो रहा है। इस बार जिला कलक्टर कार्यालय को बम से उड़ाने के मेल से सभी को बैचेन कर दिया। जिसके चलते एतिहात बरतते हुए कलेक्ट्रेट परिसर को खाली करवाया लिया। जैसे ही यह सूचना मिली कार्मिक घबराकर कमरों से बाहर आ गये। बताया जा रहा है कि बुधवार को आए एक ई-मेल में 16 बम ऑफिस में रखने का दावा किया गया। जिसके बाद पुलिस दल,एसडीआरएफ के जवान,दमकलकर्मियों की टीम सहित सुरक्षा एजेन्सियां मौके पर पहुंची और तलाशी शुरू कर दी। कलेक्ट्रेट में मीटिंग हॉल के बाहर भी पुलिस तैनात कर दी गई है।
12:15 बजे धमाके की चेतावनी
इधर,सुबह जैसे ही इस धमकी भरे ई-मेल की जानकारी मिली एसपी मृदुल कच्छावा भी कलेक्ट्रेट ऑफिस पहुंचे। इसके साथ ही अन्य अधिक ारी और रेस्क्यू टीमें भी मौके पर पहुंची। ई-मेल में लिखा गया कि कलेक्ट्रेट परिसर में 16 बम रखे गए है। दोपहर 12:15 बजे धमाके होंगे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।कलेक्टर निशांत जैन ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।एसपी मृदुल कच्छावा ने कहा कि एसओपी के तहत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल बम निरोधक दस्ते और अन्य एजेंसियों द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर की गहन जांच की जा रही है।कलेक्ट्रेट के सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला गया है। एक एक कमरे में पहुंचकर बम विरोधी दस्ता छानबीन कर रहा है। अब तक पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है, लेकिन इसके बाद भी चप्पा चप्पा छाना जा रहा है। डॉग स्क्वाइड की टीम भी मौके पर जांच पड़ताल कर रही है।
पहले भी दी जा चुकी है धमकी
इससे पहले बीकानेर के दो बार कोर्ट परिसर और दो बार मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। लेकिन यहां कुछ नहीं मिला। फिर भी इस प्रकार लगातार मिल रही धमकियों के बीच अब आमजन में यह सवाल उठने लगा है कि आखिर पुलिस व सुरक्षा एजेन्जी की टीमें ईमेल करने वालों तक पहुंच क्यों नहीं बना पा रही है।
