
तहलका न्यूज़,बीकानेर। बीकानेर में ब्लैकमेलिंग, हनीट्रैप और जबरन वसूली के गंभीर आरोपों से जुड़ा मामला सामने आया है। प्रकरण में प्रार्थिया सीमा स्वामी पत्नी पूनमचंद स्वामी निवासी बीकानेर ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष परिवाद प्रस्तुत किया है, जिस कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए गंगाशहर पुलिस थाने को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि उसके पुत्र दीपक स्वामी को इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क में लेकर सुमन उर्फ मुस्कान और उसकी सगी बहन शबनम उर्फ सिमरन, दोनों निवासी इन्द्रा कॉलोनी, हनुमानगढ़ टाउन (वर्तमान निवासी धोबी तलाई, बीकानेर), ने पहले प्रेमजाल में फंसाया और बाद में लिव-इन रिलेशनशिप में लेकर मानसिक व आर्थिक रूप से प्रताडि़त किया।
परिवाद के अनुसार आरोपियों ने गर्भवती होने का झूठा दावा कर शादी का दबाव बनाया और पांच लाख रुपये की मांग की, जिसके चलते परिवार ने गहने गिरवी रखकर यह राशि दी। इसके बाद भी लगातारब्लैकमेलिंग जारी रही और वर्ष 2021 से अब तक फोनपे, पेटीएम और नकद माध्यम से करीब 15 लाख रुपये की वसूली किए जाने का आरोप लगाया गया है।
इसके अलावा आरोप है कि 26 फरवरी 2026 की रात कुछ अज्ञात व्यक्तियों के साथ घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला किया गया, तोडफ़ोड़ की गई और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही अश्लील फोटो, वीडियो और निजी दस्तावेजों के आधार पर लगातार धमकाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है। परिवाद में यह भी कहा गया है कि पीडि़ता द्वारा पुलिस थाना गंगाशहर, पुलिस अधीक्षक बीकानेर और पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर को शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसके बादन्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया गया। जिस पर न्यायालय ने संबंधित पुलिस थाने को मामला दर्ज कर जांच करने के आदेश दिए, जिसके बाद अब पूरे प्रकरण की कानूनी जांच व आगे की कार्रवाई जारी है।
