तहलका न्यूज,बीकानेर।अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत महाजन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार को अरजनसर-पल्लू मेगा हाईवे पर 465 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब से भरा कैंटर पकड़ा है।जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपए है।कार्रवाई जैतपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में की गई।पुलिस के अनुसार नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कैंटर को रोककर तलाशी ली गई।तलाशी में कैंटर से 465 पेटी चंडीगढ़ निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।शराब के परिवहन में इस्तेमाल कैंटर को जब्त कर लिया गया।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शराब की खेप पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही थी।पुलिस ने शराब से भरे कैंटर के साथ चल रही फॉर्च्यूनर गाड़ी को भी पकड़ा। पुलिस के अनुसार फॉर्च्यूनर शराब से भरे कैंटर को एस्कॉर्ट कर रही थी।वाहन में सवार सतपाल उर्फ नैना और सुशील कुमार को दस्तयाब किया गया है।

आरोपी गिरफ्तार,पूछताछ जारी
मामले में पुलिस ने दिनेश कुमार पुत्र शंकरराम विश्नोई,उम्र 45 साल,निवासी पीलवा,थाना लोहावट,जिला फलोदी को गिरफ्तार किया है।पुलिस आरोपियों से शराब की खेप के स्रोत,तस्करी के नेटवर्क और इसे गुजरात में कहां पहुंचाया जाना था,इसे लेकर पूछताछ कर रही है।कार्रवाई थाना प्रभारी भजनलाल लावा के निर्देशन में की गई।टीम में अनूप सिंह,पृथ्वीराज,दीपक,अजय,राजाराम,पूनमचंद और सुभाष शामिल रहे।कांस्टेबल अजय की कार्रवाई में विशेष भूमिका रही है।