




तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले के नाल थाना इलाके में एक खेत में दो शव मिलने से सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि खाजूवाला में तंत्र-मंत्र विद्या से रुपए डबल करने का झांसा देकर लगभग 50 लाख रुपए एठने से ये मामला जुड़ा हुआ है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कैलाश सांदूू,सीओ सिटी श्रवण दास संत,मुक्ता प्रसाद थानाधिकारी विरेन्द्र गिला,नाल थानाधिकारी विकास विश्नोई,एएसआई कालूराम सहित नाल,मुक्ता प्रसाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पता चला है कि दोनों के शव पचास मीटर की दूरी पर खेत में पड़े मिले है। जिनके जेब व मोबाइल फोन से पहचान हो पाई है। इसमें से एक शैतान सिंह व दूसरा विक्रम था। इस हादसे में 40 वर्षीय गफ्फार की बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि दो जनों का इलाज चल रहा है। पुलिस को आशंका हैकि चार तांत्रिकों में से दो ने ये साजिश रची और विषाक्त पदार्थ अपने दो साथी तांत्रिकों को भी दिया। प्रसाद खाने से गफ्फार की उसके घर में ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य की तबीयत यहां से करीब पचास किलोमीटर दूर शोभासर के पास बिगड़ी। इन दोनों की मौत हो गई। दो तांत्रिक यहां से फरार हो गए। पुलिस इनका पता लगा रही है।
ये दो बच गए
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कैलाश सांदू ने बताया कि गफ्फार के बेटे सलमान ने भी प्रसाद खाया था लेकिन वो बच गया। इसके अलावा एक और युवक तांत्रिक क्रिया में शामिल था। वो भी बच गया। आशंका जताई जा रही है कि 45 लाख रुपए लेकर यहां से चारों तांत्रिक फरार हुए थे लेकिन विषाक्त पदार्थ खाने से दो की रास्ते में मौत हो गई। उनके शव वहीं छोड़कर शेष दो जने फरार हो गए। शैतान सिंह और विक्रम सिंह नामक दोनों तांत्रिक की मौत हो गई। दोनों अजमेर के रहने वाले थे।
रूपये दुगुना करने का है मामला
जानकारी के अनुसार खाजूवाला क्षेत्र में एक गिरोह कुछ दिनों से सक्रिय था। जिन्होंने तांत्रिक विद्या से रुपए डबल करने का लोगों को झांसा दिया। इस गैंग का मुख्य सरगना अजमेर का शैतान सिंह है जो कि पाँच-छ: लोगों के साथ खाजूवाला आया। बुधवार को बदमाश अजमेर से खाजूवाला आए थे। यहां खाजूवाला के वार्ड 16 में गफ्फार के सम्पर्क में आया। गफार खां जो कि जमीनों की दलाली का काम करता था। जिसको यह बताया कि रुपए डबल हो जाते है। वहीं शैतान सिंह ने गफार खां को पहले 50 हजार रुपए से एक लाख बनाकर वापस दिये। वहीं उसके बाद 1 लाख रुपए लिए जो 2 लाख रुपए बनाकर वापस लिये। इसके बाद उन्होंने कहा कि बड़ा रुपया लाओ। जिसके बाद गफार खां,सलमान खां व राजेन्द्र पूनियां ने लगभग 50 लाख रुपए इनको दिए। यह सारा तंत्र-मंत्र गफार के घर पर गुरुवार रात्रि को किया गया। जिसमें शैतान सिंह व उसके व्यक्तियों ने गफार,सलमान व राजेन्द्र को हलवा में नशीली गोलियां मिलाकर खिलाई। जिससे ये तीनों बेहोश हो गए। वहीं इनको बेहोश कर शैतान सिंह व उसके साथ आए लोग भाग गए। शुक्रवार सुबह परिजनों द्वारा बीकानेर ले जाते समय गफार खां ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं सलमान की तबियत ठीक बताई जा रही है तथा राजेन्द्र अभी बीकानेर अस्पताल में भर्ती है। जिसकी तबियत गम्भीर बताई जा रही है। पुलिस को सूचना मिलने पर पुलिस की टीम एक्टीव हो गई है, साथ ही बदमाशों के पीछे टीमें रवाना की है। गौरतलब है कि बताया जा रहा है कि खाजूवाला के एक डॉक्टर के इसमें 45 लाख रुपए थे। जो डबल करने के लिए दिए गए थे।