तहलका न्यूज,बीकानेर।भारतीय तीरंदाजी टीम के कोच अनिल जोशी ने कहा कि बीकानेर में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के एक्सीलेंस सेंटर की स्वीकृति पूरे संभाग के खिलाड़ियों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि लंबे समय से बीकानेर को ऐसे आधुनिक खेल केंद्र की आवश्यकता थी,जहां स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल सकें।अब यह सपना साकार होने जा रहा है।उन्होंने कहा कि अब तक बीकानेर और आसपास के जिलों के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए जयपुर,दिल्ली और पटियाला जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था।आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों के लिए यह आसान नहीं था,जिसके कारण कई प्रतिभाएं शुरुआती स्तर पर ही पीछे रह जाती थीं। लेकिन अब एक्सीलेंस सेंटर के माध्यम से खिलाड़ियों को अपने ही शहर में आधुनिक ट्रेनिंग,विशेषज्ञ कोचिंग,स्पोर्ट्स साइंस,फिजियोथेरेपी,जिम,रिकवरी सिस्टम और अंतरराष्ट्रीय स्तर के उपकरणों की सुविधाएं मिल सकेंगी।जोशी ने कहा कि यह सेंटर केवल खेल परिसर नहीं होगा,बल्कि बीकानेर के युवाओं के सपनों को उड़ान देने वाला मंच साबित होगा।यहां खिलाड़ियों को TOPS योजना,खेलो इंडिया,SAI ट्रेनिंग प्रोग्राम,राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर और खेल छात्रवृत्ति योजनाओं से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।इससे ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी आगे आने का मौका मिलेगा।उन्होंने कहा कि TOPS योजना में बीकानेर के खिलाड़ी श्याम सुंदर स्वामी का चयन इस बात का प्रमाण है कि बीकानेर की मिट्टी में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने की क्षमता मौजूद है।आने वाले वर्षों में यह एक्सीलेंस सेंटर ऐसे कई खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
*खेलों से पर्यटन, व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा*
जोशी ने कहा कि खेलों का विकास केवल खिलाड़ियों तक सीमित नहीं रहता,बल्कि इससे पूरे शहर की अर्थव्यवस्था और पहचान को भी नई दिशा मिलती है।राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं,प्रशिक्षण शिविर और खेल आयोजन होने से होटल उद्योग,परिवहन,खानपान,स्थानीय बाजार और पर्यटन क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा। देशभर से खिलाड़ी, कोच और खेल विशेषज्ञ बीकानेर आएंगे,जिससे शहर की सांस्कृतिक पहचान को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डीपी पच्चीसीया ने कहा कि खेलों के इस बड़े केंद्र से बीकानेर के व्यापार और उद्योग जगत को नई गति मिलेगी।खेल आयोजनों और प्रशिक्षण शिविरों के कारण होटल व्यवसाय,ट्रैवल सेक्टर,स्थानीय बाजार और छोटे व्यापारियों को सीधा लाभ होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बीकानेर के लिए हवाई सेवाओं की मांग भी बढ़ेगी और इससे शहर का आर्थिक विकास तेज होगा।
*इन खिलाड़ियों का दिया उदाहरण*
जोशी ने कहा कि भारतीय खेल प्राधिकरण की योजनाओं और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं ने देश को अनेक विश्व स्तरीय खिलाड़ी दिए हैं। नीरज चोपड़ा,पी.वी.सिंधु,साइना नेहवाल,बजरंग पूनिया,मनु भाकर और अभिषेक वर्मा जैसे खिलाड़ियों ने भारतीय खेल प्राधिकरण की सुविधाओं का लाभ लेकर देश का गौरव बढ़ाया है।