inami-badmash-2_1779345267

तहलका न्यूज,बीकानेर। पुलिस ने जिले में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है।नयाशहर थाने के हिस्ट्रीशीटर विष्णु बांगड़ा और बाला भाट को डीएसटी और गजनेर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दबोचा। दोनों आरोपियों पर अलग अलग थानों में हत्या,लूट और आम्र्स एक्ट के तहत मुकदमें दर्ज है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई की मॉनिटरिंग एडीएसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ ने की। कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी विश्वजीत सिंह,गजनेर थानाधिकारी ओम प्रकाश सुथार,एएसआई दीपक यादव तथा हेड कांस्टेबल वासुदेव और श्रीराम की अहम भूमिका रही।

फायरिंग और जानलेवा हमले के मामले में हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी गजनेर थाने में दर्ज एक गंभीर मामले में की गई है।एफआईआर के मुताबिक 9 फरवरी 2026 को शाम करीब पौने तीन बजे परिवादी रतीराम जाट अपने साथियों के साथ बोलेरो गाड़ी में जा रहा था।इसी दौरान चैनी फांटा के पास एक स्कॉर्पियो और अन्य गाडिय़ों में सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।आरोप है कि बदमाशों ने गाड़ी पर हमला किया,लोहे की रॉड और लाठियों से मारपीट की तथा जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की।हमले में परिवादी पक्ष के लोगों को चोटें आईं। एफआईआर में बाला भाट,विष्णु बांगड़ा सहित अन्य आरोपियों के नाम शामिल हैं।

हत्या,लूट और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पुराने अपराधी हैं और इनके खिलाफ हत्या,हत्या के प्रयास,लूट,मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी कई महीनों से फरार चल रहे थे।पुलिस का कहना है कि जिले में फरार और इनामी बदमाशों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में भी दबिश दे रही है।