तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले में खेतों में बनी पानी की डिग्गियां लगातार हादसों का कारण बनती जा रही हैं। पिछले एक सप्ताह में सात जनों की मौत डिग्गी में डूबने से हो गई। जिसमें तीन नौनिहाल भी शामिल है। बुधवार को जिले के बज्जू थानान्तर्गत ग्राम पंचायत बीजेरी के मोडिय़ा फांटा में खेत की डिग्गी में डूबने से 12 वर्षीय बच्ची और 8 साल के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान वकीला पुत्री हसन खान (12) और यूनुस पुत्र शौकत खान (8) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यूनुस ईद की खुशियां मनाने अपने ननिहाल आया हुआ था। हादसे के बाद परिजन दोनों बच्चों को दंतौर चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बच्चों के शव बाद में परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए। घटना की पुष्टि रणजीतपुरा थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह ने की है।
सात दिन में सात मौतें
जिले में पिछले सात दिनों के भीतर डिग्गियों में डूबने की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। 14 मई बज्जू थाना इलाके में तीन सगी बहनों 23 वर्षीय धापू,19 वर्षीय सुशीला व 15 वर्षीय अन्नू की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। 19 मई को पूगल थाना इलाके में नानी 52 वर्षीय वसु कंवर-दोहिते 7 वर्षीय हरिसिंहकी डूबने से मौत हो गई है। बुधवार को दो मौतों के बाद जिले में बीते डिग्गी में डूबने से मरने वालों की संख्या सात पहुंच गई है। लगातार हो रहे हादसों ने खेतों में बनी खुली डिग्गियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों के पास बनी पानी की डिग्गियां अक्सर बिना सुरक्षा घेराबंदी के खुली रहती हैं। ऐसे में बच्चे खेलते-खेलते इनके पास पहुंच जाते हैं और हादसे हो जाते हैं। लगातार बढ़ती घटनाओं के बाद अब सुरक्षा उपायों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
