तहलका न्यूज,बीकानेर।12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियां का जायजा लेने के लिए शनिवार सायं केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल स्टेडियम पहुंचे।मेघवाल के विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की प्रस्तावित उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर निशांत जैन,पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा,उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गौरव गोविल,नगर निगम कमिश्नर सिद्धार्थ पलानीचामी,एडीएम प्रशासन उम्मेद सिंह रतनू,एसडीएम बीकानेर सुश्री महिमा कसाना, बीडीए उपायुक्त कुणाल राहड़,आयुष विभाग के उप निदेशक डॉ पवन पारीक,डॉ रिड़मल सिंह राठौड़,डॉ इरशाद रफीक,जिला खेल अधिकारी सुरेन्द्र हर्ष समेत निगम,बीकानेर विकास प्राधिकरण के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने समारोह स्थल पर मंच व्यवस्था, प्रतिभागियों के बैठने की व्यवस्था,पेयजल,चिकित्सा सुविधाएं,पार्किंग,यातायात प्रबंधन,स्वच्छता एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं,बल्कि स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण का अभियान है। ऐसे में कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं उत्कृष्ट और सुव्यवस्थित होनी चाहिए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले हजारों योग साधकों,विद्यार्थियों,आमजन एवं विशिष्ट अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। विशेष रूप से केंद्रीय रेल मंत्री  अश्विनी वैष्णव की प्रस्तावित उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई।जिला कलक्टर निशांत जैन ने बताया कि योग दिवस समारोह के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रत्येक व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया है। उन्होंने बताया कि 21 जून को प्रातः 6 से 8 बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा। इसके साथ ही जिला मुख्यालय,सभी ब्लॉक (उपखंड) मुख्यालयों तथा ग्राम पंचायत स्तर पर भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।वहीं पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि सुरक्षा,यातायात नियंत्रण एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर पुख्ता व्यवस्था की गई है।आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ.पवन कुमार पारीक ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ”योगा फॉर हेल्दी एजिंग” निर्धारित की गई है। 
 
पांच प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी होंगे विशेष योग कार्यक्रम
डॉ.पारीक ने बताया कि पिछले वर्ष पुनरासर, देशनोक और कोलायत जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इस बार धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए मुकाम मंदिर तथा कोडमदेसर मंदिर को भी इस अभियान से जोड़ा गया है। इस प्रकार जिले के पांच प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे,जिससे अधिकाधिक श्रद्धालुओं एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।