तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 साल के युवक की मौत हो गई।हादसे में एक अन्य युवक गंभीर घायल हो गया,जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर किया गया है।युवक की मौत के बाद गांव पुंदलसर में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार पुंदलसर निवासी लालसिंह पुत्र स्वर्गीय माधोसिंह श्रीडूंगरगढ़ की एक गैस एजेंसी में कार्यरत था।वह रोजाना टैक्सी से श्रीडूंगरगढ़ से अपने गांव आता-जाता था।सोमवार शाम उसे गांव का ही 20 साल का दोस्त मान सिंह पुत्र महावीर सिंह बाइक पर मिला तो वह उसके साथ गांव के लिए रवाना हो गया।बीदासर रोड पर सालासर फांटे के पास सामने से आ रहे ट्रक की टक्कर में बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।हादसे में लालसिंह की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि मानसिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मां का था इकलौता सहारा
लालसिंह के पिता माधोसिंह का पहले ही निधन हो चुका है।परिवार में बड़ा भाई बाहर शहर में नौकरी करता है और दोनों बहनों की शादी हो चुकी है।ऐसे में लालसिंह ही अपनी विधवा मां के साथ गांव में रहता था और रोज काम पर आने-जाने के साथ उनकी देखभाल करता था।बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।
चाचा ने दर्ज कराया मामला
मृतक के चाचा पदमसिंह ने पुलिस को रिपोर्ट देकर ट्रक चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है।रिपोर्ट में बताया गया कि वह भी पीछे ही आ रहे थे।ट्रक चालक ने गफलत और लापरवाही से ट्रक चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।हादसे के बाद दोनों युवकों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया,जहां चिकित्सकों ने लालसिंह को मृत घोषित कर दिया।घायल मानसिंह को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर कर दिया गया।पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
