तहलका न्यूज,बीकानेर।शहर के सदर थाना इलाके में गजनेर ओवरब्रिज पर हुई हमलेबाजी की वारदात में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। जानकारी मिली है कि कैंपर में सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक कार को रुकवाकर उसमें सवार चार युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए,जिन्हें तत्काल पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार गंगाशहर रोड स्थित भवानी होटल के पीछे रहने वाला चेतन सिंह उर्फ चिंटू पुत्र किशोर सिंह,छींपों के मोहल्ले निवासी भैंरूसिंह तथा उनके दो अन्य साथी कार में सवार होकर गजनेर रोड ओवरब्रिज से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक कैंपर वाहन में सवार अज्ञात बदमाशों ने उनकी कार को रुकवाया और चारों को बाहर निकालकर घातक हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।घटना के बाद हमलावर फरार हो गए,जिसके चलते पुलिस ने शहरभर में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की तलाश शुरू कर दी।पीबीएम अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है।चिकित्सकों के अनुसार घायल चेतन सिंह उर्फ चिंटू की हालत गंभीर बनी हुई है।पुलिस हमले के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच में जुटी हुई है। वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।हालांकि हमले की मुख्य वजह पुरानी रंजिश मानी जा रही है। किन्तु पुलिस ने इस बारे में अभी अधिकृत रूप से कोई बयान नहीं दिया है।

लगातार हो रही है वारदातें
चिंता का विषय तो यह है कि सरेराह युवकों पर हमलेबाजी की वारदातें हो रही है।पिछले दस दिनों में यह दूसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले गंगाशहर थाना इलाके में तीन नाबालिगों पर बाफना स्कूल के सामने हथियारों से हमला किया गया था। जिसमें दो युवकों के चोटें आई थी।