तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर के बीछवाल थाना इलाके में उस समय विवाद हो गया। जब अपनी ही सरकार के नुमाईंदों से खफा होकर भाजपा नेता गढ्ढे में बैठ गये और बिजली की निजी कंपनी और खाकी की तानाशाही के खिलाफ आवाज बुलंद की। मामला इंदिरा कॉलोनी का है। जहां ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर बुधवार को ऐसा विवाद खड़ा हो गया कि भाजपा नेता को उसी गड्ढे में बैठना पड़ा। विवाद के बीच भाजपा नेता डॉ.भगवान सिंह मेड़तिया इस बात की जिद्द पर अड़े रहे कि वार्ता करनी है तो वे यही बैठकर करेंगे। मेड़तिया ने आरोप लगाया कि ट्रांसफार्मर लगाने पहुंची टीम के साथ मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने मोहल्ले की महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें पकड़कर घसीटा। इसी को लेकर मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

ओवरलोड ट्रांसफार्मर से परेशान थे लोग
जानकारी के अनुसार इंदिरा कॉलोनी में पिछले काफी समय से ओवरलोड ट्रांसफार्मर के कारण बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही थी। लोगों का आरोप है कि मंगलवार रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक और उससे पहले भी देर रात घंटों बिजली गुल रही। इससे नाराज लोगों ने बिजली व्यवस्था को लेकर विरोध भी जताया था।बुधवार को बीकेईएसएल की टीम पुलिस जाब्ते के साथ नया ट्रांसफार्मर लगाने पहुंची। आरोप है कि मुख्य चौराहे पर ट्रांसफार्मर लगाने का विरोध महिलाओं ने किया और उसे किनारे लगाने की मांग रखी। इसी दौरान पुलिस और महिलाओं के बीच बहस की स्थिति बन गई।

वार्ता गड्डे के अंदर ही होगी
मामले की सूचना मिलने पर डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ट्रांसफार्मर लगाने का विरोध नहीं है, लेकिन इसे चौराहे के बीच लगाने के बजाय दूसरी जगह लगाया जाए। जब बात नहीं बनी तो उन्होंने ट्रांसफार्मर के लिए खोदे गए गड्ढे में बैठकर विरोध शुरू कर दिया। मेड़तिया ने यहां तक कहा कि “वार्ता गड्डे के अंदर ही होगी।” इस घटनाक्रम से मौके पर मौजूद अधिकारी और पुलिसकर्मी भी असहज हो गए।

आखिर बनी सहमति, किनारे लगेगा ट्रांसफार्मर
काफी देर तक चले विवाद और बातचीत के बाद मोहल्लेवासियों व अधिकारियों के बीच सहमति बनी। इसके बाद ट्रांसफार्मर को मुख्य चौराहे के बजाय किनारे लगाने का निर्णय लिया गया। सहमति बनने के बाद मेड़तिया गड्ढे से बाहर आए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस मामले की शिकायत जनसुनवाई में जिला कलेक्टर से कर कार्रवाई की मांग की जाएगी।