तहलका न्यूज,बीकानेर। पीबीएम हॉस्पिटल में प्रसूताओं की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है।रविवार की रात एक और प्रसूता की मौत हो गई।जानकारी मिली है कि नापासर के कुचौर की रहने वाली 27 वर्षीय लीला पत्नी रेखाराम की जनाना अस्पताल की ओटी में 3 जुलाई को सिजेरियन डिलीवरी हुई थी।डिलीवरी के बाद उनके नवजात शिशु की मौत हो गई थी,जिसके बाद रविवार की रात महिला ने भी ट्रोमा आईसीयू में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।फिलहाल महिला के इलाज की फाइल लेने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।पीबीएम अधीक्षक डॉ.बी.सी.घीया ने बताया कि प्रसव के बाद ज्यादा रक्तस्त्राव होने से प्रसूता की हालत गंभीर हो गई। उन्हें तत्काल ट्रॉमा आईसीयू में शिफ्ट कर वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया।इलाज के दौरान उन्हें कार्डियक अरेस्ट भी आया। डॉक्टरों ने सीपीआर देकर उन्हें बचाने का प्रयास किया,लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ और उनकी मौत हो गई।

नवजात की मौत के बाद बिगड़ती गई प्रसूता की तबीयत
कांग्रेस नेता रामनिवास कूकणा ने बताया कि लीला को प्रसव पीड़ा होने पर पीबीएम लाया गया था।3 जुलाई को जनाना अस्पताल की ओटी में उनकी सिजेरियन डिलीवरी कराई गई।ऑपरेशन के बाद नवजात शिशु की मौत हो गई। इसके बाद लीला की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।प्रसूता की मौत के बाद परिजन पीबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर एकत्रित हो गए। घटना की सूचना मिलने पर कांग्रेस नेता रामनिवास कूकना भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।कूकना ने बताया कि मामले को लेकर प्रशासन से बातचीत की जा रही है।

एक महीने में तीसरी मौत
बता दें कि पिछले एक महीने में पीबीएम में लीला समेत 3 प्रसूताओं की मौत हो चुकी है।ऐसे में हॉस्पिटल में इलाज की व्यवस्थाओं को लेकर मरीजों की चिंताएं बढ़ गई है।फिलहाल मामले को लेकर हॉस्पिटल प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद एक महीने में 6 प्रसूताओं की किडनी फेल हो गई।पहला मामला 18 मई को सामने आया था।लेकिन पीबीएम प्रशासन ने इसकी जानकारी 6 जून को दी थी।हालात इतने बिगड़ गए कि प्रसूताओं की कई बार डायलिसिस की गई। सभी को आईसीयू में शिफ्ट किया गया।इनमें तारा देवी (27) और राहिला (19) को छुट्टी दे दी गई।जबकि और इमरती (20) को जोधपुर एम्स शिफ्ट किया गया है।प्रीति की 19 जून को और 21 जून को शारदा की इलाज के दौरान मौत हो गई।जबकि कमला वेंटीलेंटर पर भर्ती है।