तहलका न्यूज,बीकानेर।एयू फाउंडेशन डे सप्ताह के अंतर्गत नोखा तहसील के सोमलसर गांव स्थित ग्राम पंचायत भवन में एयू फाउंडेशन का स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।कार्यक्रम में राजीविका क्लस्टर कोऑर्डिनेटर सुशीला मेघवाल,ईताशा सोसाइटी के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर भागीरथ खीचड़,फील्ड ऑफिसर परवेज कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने भाग लिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर भागीरथ खीचड़ ने एयू बैंक एवं एयू फाउंडेशन की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि फाउंडेशन शिक्षा,स्वास्थ्य,आजीविका और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रहा है।उन्होंने विशेष रूप से एयू उद्योगिनी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार स्थापित करने,आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने तथा परिवार की आय बढ़ाने का अवसर मिल रहा है।इस दौरान सफल महिला उद्यमियों की प्रेरणादायक कहानियों का प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रदर्शन भी किया गया।राजीविका क्लस्टर कोऑर्डिनेटर सुशीला मेघवाल ने महिलाओं से घरेलू कार्यों के साथ छोटे-छोटे व्यवसाय अपनाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि आज महिलाएं सिलाई,किराना,ब्यूटी पार्लर,कॉस्मेटिक,डेयरी एवं अन्य लघु उद्यमों के माध्यम से अपनी अलग पहचान बना रही हैं और परिवार की आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।फील्ड ऑफिसर परवेज कुमार ने ईताशा सोसाइटी द्वारा महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों के विकास के लिए संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए एयू उद्योगिनी कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं लाभों से उपस्थित महिलाओं को अवगत कराया।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने भी महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए तथा एयू फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की।अंत में स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में महिलाओं ने केक काटकर खुशी मनाई और फाउंडेशन की सामाजिक विकास यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।