निगम के 80 वार्डों में 5 जगह जमा होंगे पत्र: 28 और 30 अगस्त को नहीं होंगे नामांकन, जानें किस वार्ड का कहां …
तहलका न्यूज,बीकानेर। नगर निगम के अस्सी वार्डों के लिए नामांकन एक ही कार्यालय में नहीं होगा,बल्कि अलग अलग जगह पर्चा भरा जाएगा। इतना ही नहीं तीन दिन 28 से 30 अगस्त तक नामांकन प्रक्रिया नहीं होगी। शहर के अस्सी वार्डों को पांच हिस्सों में विभाजित करके पांच अधिकारियों को नामांकन पत्र लेने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
बीकानेर नगर निगम में पांच जगह पर्चे दाखिल होंगे
नगर निगम बीकानेर के वार्ड संख्या 1 से 20 के लिए अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर) रीना को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।इन वार्डों की नाम निर्देशन प्रक्रिया अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर) कार्यालय में संपादित होगी।वार्ड 21 से 35 के लिए बीकानेर विकास प्राधिकरण के उपायुक्त कुणाल राहड़ को रिटर्निग अधिकारी नियुक्त किया गया है।इन वार्डों की नाम निर्देशन प्रक्रिया बीकानेर विकास प्राधिकरण के नये भवन में होगी।वार्ड 36 से 50 के लिए बीकानेर विकास प्राधिकरण के उपायुक्त ऋषि सुधांशु पाण्डे को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया है। इन वार्डों की नाम निर्देशन प्रक्रिया बीकानेर विकास प्राधिकरण के पुराने भवन में संपादित की जाएगी।वार्ड 51 से 65 के लिए बीकानेर तहसीलदार विवेक चौधरी को रिटर्निग अधिकारी नियुक्त किया है तथा इन वार्डों की नाम निर्देशन प्रक्रिया तहसील कार्यालय बीकानेर में दाखिल किए जा सकेंगे।वार्ड 66 से 80 के लिए छत्तरगढ़ के उपखण्ड अधिकारी पवन कुमार को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है,इन वार्डों से संबंधित नाम निर्देशन प्रक्रिया सहायक कलेक्टर (शहर) कार्यालय में संपादित होगी।
नोखा नगर पालिका
नगर पालिका नोखा के वार्ड 1 से 25 के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट नोखा कार्यालय में
वार्ड 26 से 45 के लिए तहसीलदार नोखा कार्यालय में नामांकन जमा होंगे। (ये अधिकारी ही रिटर्निंग ऑफिसर होंगे)
नगर पालिका श्रीडूंगरगढ़
वार्ड 1 से 20 के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट श्रीडूंगरगढ़ रिटर्निंग ऑफिसर होंगे और उपखंड कार्यालय में ही पर्चे दाखिल होंगे।
वार्ड 21 से 40 के लिए तहसीलदार श्रीडूंगरगढ़ को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया है। इन वार्डों के नाम निर्देशन प्रक्रिया तहसील कार्यालय में जमा होंगे।
नगर पालिका लूणकरणसर
वार्ड 1 से 20 के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट लूणकरणसर रिटर्निंग ऑफिसर होंगे, इसी कार्यालय में पर्चे दाखिल होंगे।
वार्ड 21 से 35 के लिए तहसीलदार लूणकरणसर रिटर्निंग अधिकारी होंगे। इन वार्डों के नाम निर्देशन प्रक्रिया तहसील कार्यालय में संपादित की जाएग।
नगर पालिका देशनोक
पालिका के वार्ड 1 से 25 के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट बीकानेर को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन वार्डों की नाम निर्देशन प्रक्रिया कार्यालय नगर पालिका देशनोक में संपादित की जाएगी।
नगर पालिका नापासर
वार्ड 1 से 25 के लिए सहायक कलेक्टर बीकानेर को रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है और नाम निर्देशन प्रक्रिया नगर पालिका कार्यालय नापासर में होगी।
नगर पालिका खाजूवाला
वार्ड 1 से 20 के लिए उपखण्ड अधिकारी खाजूवाला को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है और नाम निर्देशन प्रक्रिया उपखण्ड कार्यालय में संपादित की जाएगी।
रविवार और रक्षा बंधन को रहेगा अवकाश
वैसे तो नामांकन दाखिल करने के लिए पांच दिन दिए गए हैं लेकिन असल में दो दिन छुट्टी होने के कारण महज तीन दिन में ही सभी वार्डों के नामांकन दाखिल करने होंगे।जिला निर्वाचन अधिकारी जैन के अनुसार 28 अगस्त को रक्षा बंधन व 30 अगस्त को रविवार का अवकाश होगा। नामांकन पत्र सुबह 10.30 से दोपहर 3 तीन बजे तक प्राप्त किए जाएंगे।
