तहलका न्यूज,बीकानेर।महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले ‘एकलव्य स्वयं की खोज’ कार्यक्रम को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई।इस दौरान कार्यक्रम के उद्देश्य,रूपरेखा एवं तैयारियों की जानकारी मीडिया से साझा की गई।इकाई अध्यक्ष हरीश चौधरी ने बताया कि 9 जुलाई को प्रात: 10:30 बजे विश्वविद्यालय के संत मीराबाई सभागार में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास,नेतृत्व क्षमता,आत्मविश्वास एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं को अपने जीवन के लक्ष्य तय करने और सकारात्मक दिशा में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करेगा।इकाई सचिव निर्विका सिंह ने अधिकाधिक विद्यार्थियों से कार्यक्रम में भाग लेकर इसका लाभ उठाने का आह्वान किया।वहीं कार्यक्रम संयोजक नगेन्द्र प्रताप सिंह भाटी ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य मनोज दीक्षित करेंगे।मुख्य अतिथि के रूप में शालिनी बजाज,पुलिस अधीक्षक (साइबर) उपस्थित रहेंगी।विशेष अतिथि के रूप में आदित्य तंवर,राष्ट्रीय मंत्री,अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद,दिलीप सिंह,पूर्व विभाग संयोजक,अभाविप तथा कुणाल रहाड़,उपायुक्त,बीकानेर विकास प्राधिकरण मौजूद रहेंगे।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ.गणपत सिंह राजपुरोहित होंगे।कार्यक्रम सह संयोजक योगेंद्र सिंह ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं तथा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक संपर्क अभियान चलाया गया है।प्रेस वार्ता के दौरान कैलाश,राधेश्याम,तन्मय,आदित्य सहित परिषद के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने विद्यार्थियों से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
