तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले के बज्जू क्षेत्र में गुरुवार रात एक ज्वेलर को हथियार दिखाकर धमकाने और पीछा करने का मामला सामने आया है।मुख्य बाजार में दुकान बंद कर घर लौट रहे ज्वेलर लालचंद सोनी का तीन युवकों ने पीछा किया। आरोप है कि युवकों ने रास्ते में हथियार दिखाकर धमकाया।पुलिस के अनुसार मुख्य बाजार में लालचंद सोनी की ज्वेलरी की दुकान है।गुरुवार रात दुकान बंद करने के बाद वह कार से घर लौट रहे थे।इसी दौरान रास्ते में तीन युवक उनकी कार के पास पहुंचे और हथियार दिखाकर धमकाने लगे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।
कार दौड़ाकर थाने पहुंचे व्यवसायी
ज्वेलर लालचंद सोनी ने घबराने के बजाय अपनी कार तेजी से दौड़ा दी। इसके बाद बदमाश भी अपनी गाड़ी से उनका पीछा करने लगे।इस दौरान लालचंद की कार का एक टायर भी फट गया, लेकिन उन्होंने गाड़ी नहीं रोकी और सीधे थाने पहुंच गए। थाने पहुंचकर उन्होंने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
पुलिस पीछा करती पहुंची तो कार छोड़ भागे आरोपी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और आरोपियों का पीछा शुरू किया।पुलिस को पीछा करते देख आरोपी राजासर भाटियान क्षेत्र के पास अपनी कार छोड़कर मौके से फरार हो गए।पुलिस ने मौके से संदिग्ध वाहन जब्त कर लिया है और आसपास के क्षेत्रों में आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुराने विवाद को लेकर आशंका
थानाधिकारी गंगाराम विश्नोई ने बताया कि करीब 10 से 15 दिन पहले लालचंद सोनी का कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। पुलिस को आशका है कि उसी विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया गया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
एक युवक हिरासत में, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
जानकारी में सामने आया है कि पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है,लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है।पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद यदि युवक की घटना में भूमिका सामने आती है, तभी आगे कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने हिरासत में लिए गए युवक की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
