तहलका न्यूज,बीकानेर।शहर से ग्रामीण अंचलों तक चोरों ने आतंक मचा रखा है।हालात यह है कि चोरों के सामने मानो पुलिस असहाय बन गई है।जिसके चलते न केवल शहरी इलाकों बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी अज्ञात चोर मकान,दुकान में सैंधमारी कर लाखों पर हाथ साफ कर रहे है।शहर के जेएनवीसी थाना क्षेत्र स्थित डिफेंस कॉलोनी में करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी हुए है।जानकारी के अनुसार उदासर रोड स्थित डिफेंस कॉलोनी निवासी कृष्णा कुमारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके घर से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी हो गए,जिसकी जानकारी उन्हें 31 मई 26 को हुई।इस संबंध में उन्होंने स्थानीय थाने में शिकायत भी दी,लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी उन्हें जांच और कार्रवाई संतोषजनक नहीं लगी।परिवाद में महिला ने बताया कि उनके घर पर 14,16 और 17 मई को एक व्यक्ति मार्बल घिसाई का कार्य करने आया था।उसके व्यवहार में कई बातें संदिग्ध प्रतीत हुईं।वह अक्सर दोपहर बाद काम पर आता था और एक दिन बिना किसी सूचना के अचानक काम अधूरा छोड़कर चला गया था।जिस स्थान के आसपास वह कार्य कर रहा था,उसी के समीप वाले कमरे से आभूषण गायब हुए हैं।इन परिस्थितियों को देखते हुए महिला ने उक्त व्यक्ति पर चोरी में संलिप्त होने का संदेह जताते हुए उससे गहन पूछताछ कराने और किसी सक्षम अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त परिवाद के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।

ढाणी से 35 लाख रुपए नकद पार
उधर खाजूवाला थानान्तर्गत ढाणी से 35 लाख की नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है।बताया जा रहा है कि खाजूवाला क्षेत्र के सीमावर्ती गांव 17 बीडी में चोरों ने बीती रात एक कच्ची मिट्टी से बनी ढाणी को निशाना बनाते हुए लोहे की अलमारी और संदूक के ताले तोड़कर करीब 35 लाख रुपए नकद चोरी कर लिए।सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो घर में रखे संदूक और अलमारी के ताले टूटे हुए मिले। नकदी गायब होने पर परिवार में हड़कंप मच गया।इसके बाद पीडि़त परिवार ने खाजूवाला पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।पीडि़त परिवार के सदस्यों ने बताया कि हाल ही में उनकी जमीन का सौदा हुआ था,जिसके करीब 50 लाख रुपए घर में रखे गए थे।उनका कहना है कि चोरी की इस वारदात में किसी परिचित अथवा घर से जुड़े व्यक्ति की भूमिका होने की आशंका है।सूचना मिलने पर थानाधिकारी सुरेन्द्र प्रजापत डॉग स्क्वायड और मोबाइल जांच टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले में संदेह के आधार पर 3 से 4 लोगों को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है।पुलिस चोरी की इस बड़ी वारदात की गंभीरता से जांच कर रही है ।

शहर में बढ़ती वाहन चोरी की वारदातें
शहर में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सदर थाना क्षेत्र के हनुमान हत्था इलाके में घर के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।घटना का पता सुबह होने पर चला,जिसके बाद पीडि़त ने सदर थाने में मामला दर्ज कराया है।पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।परिवादी हनुमान हत्था क्षेत्र में किराये पर रह रहे 24 वर्षीय नवीन पुत्र रविंद्र कुमार ब्राह्मण ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है।रिपोर्ट में बताया गया कि उसने अपनी मोटरसाइकिल संख्या आरजे-44 एसजे-9018 घर के सामने खड़ी की थी।10 जून की रात करीब 9 बजे से 11 जून की सुबह 6 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने बाइक चोरी कर ली।सुबह जब वह घर से बाहर निकला तो बाइक अपने स्थान पर नहीं मिली। काफी तलाश करने के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं लगने पर उसने सदर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई।पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है,ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।क्षेत्र में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की मांग की है।