तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले के बज्जू क्षेत्र में गुरुवार सुबह 33 केवी हाईटेंशन लाइन पर फॉल्ट ठीक करने के दौरान करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा तथा उन्होंने उपजिला अस्पताल के बाहर धरना देकर विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।जानकारी के अनुसार बुधवार रात से कोलायत लिफ्ट कैनाल से जुड़ी 33 केवी विद्युत लाइन में फॉल्ट होने के कारण बज्जू स्थित 132 केवी जीएसएस से संबंधित लाइन का शटडाउन चल रहा था।गुरुवार सुबह करीब 8 बजे मिठडिय़ा निवासी राजाराम सारण पुत्र हनुमानराम सारण फॉल्ट दुरुस्त करने के लिए विद्युत पोल पर चढ़ा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पोल पर चढ़ते ही वह अचानक करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।हादसे के समय उसके साथ पड़ोसी किसान मुनिराम नैण भी मौजूद थे।ग्रामीणों ने तत्काल युवक को बज्जू उपजिला अस्पताल पहुंचाया,जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए तथा अस्पताल परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए।आक्रोशित लोगों ने आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था,स्पष्ट अनुमति और सुरक्षा मानकों की पालना किए कार्य कराया गया,जिसके चलते युवक की जान चली गई।सूचना पर विद्युत विभाग के सहायक अभियंता अजय कुमार एवं कनिष्ठ अभियंता गोरधन मीणा अस्पताल पहुंचे,जहां परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें घेरकर विभागीय लापरवाही के खिलाफ कड़ी कार्रवाई,दोषियों पर मुकदमा दर्ज करने तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
