तहलका न्यूज,बीकानेर।पंचायत चुनाव में जिला प्रमुख और प्रधानों के लिए भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है।जीतने वाले उम्मीदवारों को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा,प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री और अर्जुनराम मेघवाल ने चर्चा की है।जिसमें निकाय चुनाव की सफलता के बाद अब गांव की सरकार पर फोकस करने के लिये कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- भाजपा संगठन और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से बीकानेर जिले में पंचायत और जिला परिषद चुनावों में अच्छा रिजल्ट आएगा।उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से चुनावी तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने की बात कही।
CM ने मांगी चुनावी गणित की रिपोर्ट
बैठक में जिला परिषद प्रमुख और पंचायत समितियों में प्रधान के लिए जीत का गणित तैयार करने पर चर्चा हुई।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी है।प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी स्थानीय विधायकों से अपने-अपने क्षेत्रों में चुनावी रणनीति तैयार करने को कहा।जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की चुनावी स्थिति,संगठन की तैयारियों और स्थानीय समीकरणों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
मेघवाल संभालेंगे पंचायत चुनाव की कमान
पंचायत चुनाव की कमान प्रदेश की ओर से केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को सौंपी गई है।चुनाव को लेकर चर्चा के लिए मेघवाल नई दिल्ली से जयपुर आए थे।पार्टी को जिला प्रमुख और 15 प्रधानों के लिए नाम तय करने हैं।इन नामों की घोषणा पहले नहीं की जाएगी,लेकिन प्रत्याशियों का चयन जिला प्रमुख और प्रधान के चेहरे को ध्यान में रखकर किया जाएगा।
योग्य चेहरों को चुनाव में उतारा जाएगा
भाजपा ने अभी जिला प्रमुख और प्रधान के लिए किसी का नाम तय नहीं किया है।पार्टी की रणनीति एक पद के लिए कई विकल्प तैयार रखने की है।जिला प्रमुख पद के लिए एक नहीं,बल्कि कई योग्य चेहरों को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा,ताकि किसी एक प्रत्याशी की हार की स्थिति में दूसरा विकल्प मौजूद रहे।इसी तरह प्रधान पदों के लिए भी कई चेहरों को मैदान में उतारने की तैयारी है।जीतने वाले प्रत्याशी पर ही भाजपा आगे दाव खेलेगी।
पार्टी कार्यकर्ताओं को ही मिलेगा मौका
बैठक में यह भी तय किया गया कि पार्टी कार्यकर्ताओं को ही टिकट दिया जाएगा।सरपंच के लिए बाहर से किसी पैराशूट उम्मीदवार को मैदान में नहीं उतारा जाएगा।इसी तरह जिला प्रमुख और प्रधान के पदों के लिए भी पार्टी से बाहर के लोगों को मौका नहीं दिया जाएगा।सक्रिय पार्टी कार्यकर्ताओं को ही बड़े पदों तक पहुंचने का अवसर देने की रणनीति बनाई गई है।
बैठक में ये विधायक और पदाधिकारी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री निवास पर हुई बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़,केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल,भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया,खाजूवाला विधायक विश्वनाथ मेघवाल,श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत,कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी तथा नोखा से भाजपा प्रत्याशी और प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल विश्नोई मौजूद रहे।
बिजली और सिंचाई के मुद्दों पर भी चर्चा
बैठक के दौरान क्षेत्रीय विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।खाजूवाला क्षेत्र में सिंचाई जल की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री ने फोन पर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।नोखा और श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए।वहीं कोलायत लिफ्ट परियोजना के सुचारू संचालन को लेकर भी मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक समन्वय को लेकर अपने सुझाव दिए।उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव में जुटने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने जिले की संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों की जानकारी दी।उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरने को तैयार हैं और जिले में भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल है।
