हाईटेंशन-लाइन का तार चुराते समय आया करंट,रामपुरा बस्ती निवासी सहित दो की मौत
तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले के लूणकरणसर थाना इलाके में 11 केवी की लाइन की चपेट में आने

तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले के लूणकरणसर थाना इलाके में 11 केवी की लाइन की चपेट में आने से 2 युवकों की मौत हो गई।दोनों की शव बुरी तरह झुलसे हुए थे।एक का हाथ और कमर तो दूसरे का पूरा पैर काला पड़ा था।मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।पुलिस को दोनों के शवों के पास एक कटर भी मिला है।जानकारी के अनुसार सोढ़वाली-बिंझरवाली गांव का देर रात करीब 1 बजे का है।ग्रामीणों ने सुबह 6 बजे शव पड़े देखे।दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। दोनों के शव करीब 5 घंटे तक ऐसे ही पड़े रहे।
हाई वोल्टेज तार से आया करंट
अंदेशा जताया जा रहा है कि दोनों यहां हाई वोल्टेज के तार चुराने आए थे।इसके बाद इसका बंडल बनाते हुए करंट आया है।एक मृतक की पहचान भगवान सिंह (20) पुत्र नवल सिंह,निवासी धोलेरा पुलिस थाना जामसर हाल गली नंबर 5 रामपुरा बस्ती और मुक्ताप्रसाद नगर निवासी रेवन्तराम (20 वर्ष) पुत्र अणतुराम कुम्हार के रूप में हुई है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शव लूणकरनसर के राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
शवों के पास कटर पड़ा मिला
थानाधिकारी महावीर विश्नोई ने कहा कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक वहां किस उद्देश्य से पहुंचे थे और इनके पास से एक कटर भी बरामद हुआ है।ग्रामीण यहां पहुंचे तो दोनों युवकों के शव तारों पर ही पड़े थे। एक का पैर बुरी तरह झुलस गया था तो दूसरे का हाथ और कमर का हिस्सा झुलसा हुआ था।
हादसा या चोरी की पूरी टीम?
पुलिस को आशंका है कि दोनों युवक अकेले नहीं थे। करंट लगने के बाद उनके साथ आए अन्य लोग मौके से भाग गए होंगे। पुलिस घटनास्थल से मिले सुरागों और वारदात में इस्तेमाल सामान के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
पुलिस की जांच में खुलेगा पूरा राज
थानाधिकारी ने बताया कि फिलहाल हादसे को लेकर मर्ग दर्ज की गई है।बिजली की केबल काटकर चोरी करने के प्रयास का मामला भी दर्ज किया जाएगा।पुलिस यह पता लगा रहे है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और केबल चोरी के पीछे उनका पूरा नेटवर्क क्या था।
ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएं