तहलका न्यूज,बीकानेर।‘हर -हर महादेव,’बम-बम भोले और’नम शिवाय के स्वरों की गूंज सोमवार को शिवालयों में रही।सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में अलसुबह से शुरू हुआ रूद्राभिषेक,पूजन,श्रृंगार और महाआरती का सिलसिला चलता रहा।शिवभक्तों ने जल,गंगाजल,दूध,दही,शर्करा,शहद,घी,विजया,ईख रस से महादेव का अभिषेक किया।रूद्राष्टध्यायी पाठ के वेद मंत्रों की गूंज शिवालयों में रही।भोलेनाथ का आक,धतूरा,पुष्प,भस्म आदि से श्रृंगार किया गया।चंदन,केशर,अक्षत,धूप,दीप,नैवेद्य,प्रसाद,रोली,जनेऊ,श्रीफल,ऋतुफल आदि सामग्री से पूजन किया गया।कई मंदिरों में भजन,कीर्तन और स्तुती गान हुआ।कई शिवालयों को रंग बिरंगी रोशनियों से सजाया गया। महाप्रसाद का आयोजन हुआ।सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों के साथ घर-घर में महादेव का अभिषेक-पूजन किया गया।घर-परिवार के सदस्यों ने सामूहिक रूप से शंकर का रूद्राभिषेक किया।पूजन कर महाआरती की गई।सावन के पहले सोमवार से व्रत-अनुष्ठान कर रहे शिवभक्तों ने सोमवार पर इष्टदेव भोलेनाथ की प्रसन्नता के लिए अभिषेक-पूजन किए।वहीं सवा लाख पार्थिव शिवलिंग पूजन-अनुष्ठान स्थलों पर महादेव का विशेष अभिषेक-पूजन किया गया।मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की व्यवस्थित कतारें देखी गईं।महिलाओं,युवाओं और बच्चों ने भी बड़ी संख्या में पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे दिन शिवालयों में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। काशी विश्वनाथ मंदिर में विश्व कल्याण के लिए कनू मण्डल द्वारा कन्हैया लाल रंगा के नेतृत्व में पं काशी नाथ ओझा द्वारा 51 किलो दही का अभिषेक किया ।दही का अभिषेक करने से शुक्र ग्रह प्रसन होते हैं। घर में धन्य धान्य की वृद्धि होती है।स्वास्थ्य लाभ मिलता है।अभिषेक में अशोक पुरोहित,के के छंगाणी,सागर सा,इन्दु जोशी,किसन स्वामी,परख रंगा,श्रीनाथपुरोहित आदि ने भाग लिया। सभी ने अभिषेक कर पुजारी मुन्ना महाराज विजय से आशीर्वाद लिया। ब्रह्म महाकालेश्वर महादेव का केसर युक्त 11 kg दही से अभिषेक किया गया। पंडित संदीप वसंत किराडू के नेतृत्व में एडवोकेट मदन गोपाल,शंकर,प्रहलाद,कैलाश,महावीर,रमेश,शुभकरण,गणेश बाल भक्तों सहित शिव शक्ति साधना पीठ से जुड़े हुए भक्तों द्वारा किया गया। तत्पश्चात श्रृंगार व आरती की गई।