तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर में विकास के दावे खोखले नजर आ रहे है।आम सड़क व नालियों की हालत पहले से ही जर्जर है।टूटे नाले भी हादसों को निमंत्रण दे रहे है।इतना ही नहीं अस्पताल में भी आमजन आने जाने से असुरक्षित महसूस कर रहा है। मुरलीधर व्यास नगर क्षेत्र में,जोशीवाला आइसक्रीम पार्लर के ठीक सामने वाली मुख्य सड़क की हालत इन दिनों बेहद खतरनाक हो चुकी है।नाले के ऊपर रखे गए पत्थर पूरी तरह से टूट कर बिखर चुके हैं,जिसके परिणामस्वरूप सड़क के बीचों-बीच एक गहरा और खुला गड्ढा बन गया है।इस मार्ग से दिन भर दुपहिया वाहनों,कारों और पैदल राहगीरों की भारी आवाजाही रहती है।खुले नाले और टूटी-फूटी सड़क के कारण यहां हर समय एक बड़े हादसे का डर बना रहता है। स्पष्ट देखा जा सकता है कि गड्ढे के ठीक पास से गाडिय़ां गुजर रही हैं और लोग खड़े हैं।विशेषकर रात के अंधेरे में कोई भी अनजान वाहन चालक,बच्चा या बुजुर्ग इस खुले गड्ढे का शिकार हो सकता है,जो किसी भी समय जानलेवा साबित हो सकता है।इसके आस-पास बिखरा हुआ कचरा भी स्थिति को और अधिक दयनीय बना रहा है।प्रशासन और नगर निगम से यह सख्त अपील है कि किसी भी गंभीर हादसे के होने का इंतज़ार किए बिना, तुरंत इस नाले की मरम्मत करवाई जाए और सड़क पर सुरक्षित स्लैब डालकर इसे ठीक किया जाए।

सेटेलाइट में भी सड़क पर भरा पानी,मरीज हो रहे परेशान
हालात यह है कि सेटेलाइट अस्पताल में भी सड़कें टूटी हुई है। जहां गंदला पानी जमा होने के कारण यहां आने वाले मरीज व उनके परिजन खासे परेशान होते है। मंजर यह है कि हड्डी रोग विभाग के आगे भरे पानी के कारण कीचड़ जमा हो गया है। यहां आना जाना भी मुश्किल है। वैसे स्थानीय विधायक सेटेलाइट में विकास के दावे करते नहीं थकते। परन्तु स्थिति यह है कि अस्पताल के अंदर के हालात सुधरे है तो बाहर की स्थिति बद से बदतर बनी हुई है।