तहलका न्यूज,बीकानेर।ब्रांच में कैश पहुंचाने जा रही एक वैन से 51 लाख को लूटने वाली वारदात का पर्दाफाश हो गया है।इस मामले पुलिस ने लूट की राशि के 46 लाख की बरामदगी कर ली है। जो आमतौर पर चुनौती होती है।लेकिन पुलिस ने इस राशि को बरामद कर लिया है। बता दें कि इस लूट की वारदात को अंजाम देने वाले कार्मिक ही थे।जिन्हें पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ के बाद इन्होंने लूट की राशि कहा छिपाई थी।उसकी जानकारी देने के बाद पुलिस ने वहां से 46 लाख रूपये बरामद कर लिए है।गौरतलब रहे कि पकड़े गये आरोपी चरकड़ा निवासी विक्रम सिंह व स्वरूपदेसर निवासी श्याम सुन्दर है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बी एल मीणा,नोखा सीओ जरनैल सिंह,पांचू थानाधिकारी ईश्वर जांगिड़ की टीम को यह सफलता मिली है।
कस्टोडियन निकला लूट का मास्टरमाइंड
पुलिस जांच में सामने आया है कि सीएमएस इंफो सिस्टम लिमिटेड कंपनी का कस्टोडियन कर्मचारी विक्रमसिंह ही इस लूट का मास्टरमाइंड था।उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी।विक्रमसिंह की जिम्मेदारी बैंकों से नकदी लेकर नोखा क्षेत्र के एटीएम में लोड करने की थी।
वैन को नोखा से सारूंडा की ओर ले गया
योजना के अनुसार 5 अगस्त की दोपहर विक्रमसिंह कैश वैन को नोखा से सारूंडा की ओर ले गया।जबकि यह नकदी नोखा के एटीएम में ही लोड की जानी थी।सारूंडा रोड पर पहले से तय योजना के तहत,बिना नंबर प्लेट की कैंपर गाड़ी में आए उसके साथियों ने कैश वैन को रोका।उन्होंने ड्राइवर और गार्ड को हथियार दिखाकर 51 लाख रुपए से भरा कैश बॉक्स लूटा और फरार हो गए।
रकम आपस में बांटने की थी योजना
तय योजना के अनुसार सारुण्डा रोड पर कैश वैन को रोककर कर्मचारियों को हथियारों के बल पर डराया जाना था। इसके बाद कस्टोडियन विक्र मसिंह को कैश वैन का लॉक खोलकर कैश बॉक्स निकालने में मदद करनी थी।लूट के बाद रकम को आपस में बांटने की योजना थी।
ब्रांच मैनेजर ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के अनुसार 5 अगस्त को सीएमएस इंफो सिस्टम लिमिटेड,बीकानेर के ब्रांच मैनेजर आदित्य रावत की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया था।कंपनी विभिन्न बैंकों से नकदी लेकर एटीएम में कैश लोड करने का काम करती है।
