
तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और तेज गर्मी के चलते आखिरकार जिला प्रशासन का दिल पसीजा है और जिले के मुखिया ने एक आदेश जारी कर नौनिहालों को गर्मी से राहत प्रदान करते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया है। जिला कलेक्टर निशांत जैन ने मौसम विभाग के पूर्वानुमान तथा मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर यह आदेश जारी किए हैं।जारी आदेश के अनुसार बीकानेर जिले के कक्षा प्री-प्राइमरी से कक्षा 8वीं तक के सभी राजकीय एवं गैर राजकीय विद्यालयों (प्रारंभिक एवं माध्यमिक) में 27 अप्रैल से सत्रांत तक शैक्षणिक कार्य प्रात: 7:30 बजे से 11:30 बजे तक संचालित किया जाएगा। बढ़ती गर्मी को देखते हुए यह निर्णय छोटे बच्चों को लू और भीषण तापमान से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है।वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं,समस्त स्टाफ तथा संचालित अन्य परीक्षाओं के समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। इन कक्षाओं का समय पूर्ववत यथावत रहेगा।जिला प्रशासन ने सभी राजकीय एवं गैर राजकीय विद्यालयों को आदेश की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
