तहलका न्यूज,बीकानेर। पीबीएम में चर्चित प्रसूताओं की किडनी फेल प्रकरण में गंभीर दूसरी प्रसूता की भी मौत हो गई है।पीबीएम हॉस्पिटल में रविवार को तीन दिनों के भीतर दूसरी प्रसूता की मौत हो गई। हॉस्पिटल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूता शारदा (26) करीब 20 दिनों से वेंटिलेटर पर थी।इससे पहले तबीयत बिगड़ने पर शुक्रवार को प्रसूता प्रीति की मौत हो गई थी। हॉस्पिटल में बीते एक महीने के भीतर सिजेरियन डिलीवरी के बाद 6 महिलाओं की किडनी फेल हो गई थी। हालांकि इनमें से 2 महिलाओं को तबीयत में सुधार होने पर छुट्टी दे दी गई थी।जानकारी के अनुसार,शारदा को प्रसव के बाद से ही गंभीर हालत में पीबीएम अस्पताल में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया था। पिछले कई दिनों से उसकी हालत गंभीर थी। डॉक्टर्स के अनुसार,उसकी प्लेटलेट्स लगातार कम हो रही थीं और शरीर में ऑक्सीजन का स्तर भी गिर गया था। शनिवार को उसकी तबीयत अधिक बिगड़ने पर डॉक्टरों ने गले में नली डालकर उसे अतिरिक्त ऑक्सीजन सपोर्ट दिया था।इसके बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और रविवार शाम करीब छह बजे उसने दम तोड़ दिया।

दो दिन पहले प्रीति की हुई थी मौत

पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की किडनी और अन्य अंग प्रभावित होने के मामले को लेकर पहले से ही जांच चल रही है।इस प्रकरण में पहले प्रीति की मौत हो चुकी है, जो करीब 20 दिनों तक वेंटिलेटर पर रही थी। उसके लीवर और किडनी पर भी गंभीर असर पड़ा था।मामले को लेकर हेल्थ डिपार्टमेंट की ओर से जांच जारी है।अस्पताल अधीक्षक डॉ.बी.सी.घीया के अनुसार,मरीजों के इलाज के लिए हरसंभव प्रयास किए गए थे,लेकिन प्रथम दृष्टया मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर महिला की मौत का कारण माना जा रहा है। किडनी के बाद अन्य अंगों ने भी काम करना बंद कर दिया। इस कारण महिला को ऑक्सीजन सपोर्ट देने की कोशिश की जा रही थी।हालांकि मामले में मृतका के परिजनों ने घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की हैं।