तहलका न्यूज,बीकानेर।शहर में नहरबंदी खत्म हुए एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद कई इलाकों में पेयजल संकट अभी भी बरकरार है।इसमें डीडू सिपाहीयान का मोहल्ला,सर्वोदय बस्ती,ब्रह्मपुरी चौक आदि क्षेत्र में हालात बेहद खराब बने हुए हैं,जहां पिछले डेढ़ महीने से पानी की भारी किल्लत को लेकर स्थानीय लोग परेशान हैं। क्षेत्र के लोग नत्थूसर गेट टंकी व नयाशहर टंकी पर घेराव कर अपना रोष भी जता चुके है।किन्तु उसके बाद भी हालात नहीं सुधरे है। मंजर यह है कि पानी के लिये त्राहि-त्राहि मची हुई है और उकताएं लोगों ने जलदाय विभाग टंकी कार्यालय नयाशहर पर ताला लगा दिया।

नयाशहर टंकी पर देर रात से जारी विरोध
इसी समस्या को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि सुभाष स्वामी के नेतृत्व में सोमवार देर रात बड़ी संख्या में लोग नयाशहर टंकी पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू किया।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि टंकी में पानी उपलब्ध नहीं था,जिसके बाद लोग न्यू मास्टर पंप हाउस,ऊन मंडी के सामने पहुंच गए और वहां धरना दिया। इस दौरान जलदाय विभाग के अधिकारी व पुलिस भी मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाईश की।परन्तु बातचीत कहासुनी में बदल गई। प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने रात में पानी सप्लाई शुरू करने का आश्वासन दिया,लेकिन आरोप है कि सप्लाई केवल कुछ मिनट ही चली और उसके बाद फिर बंद कर दी गई।इससे नाराज होकर बुधवार सुबह करीब 5 बजे से क्षेत्रवासी फिर नयाशहर टंकी पर जुट गए और वहीं पड़ाव डाल दिया।

घर-घर सर्वे के बाद भी नहीं मिला समाधान,विभाग पर उठे सवाल
जनप्रतिनिधि सुभाष स्वामी ने बताया कि जलदाय विभाग की दो इंजीनियरों की टीम के साथ क्षेत्र में घर-घर सर्वे कराया गया, लेकिन अधिकांश घरों में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि सर्दियों में भी लोगों को मोटर चलाकर पानी लेना पड़ता है और गर्मियों में स्थिति और अधिक खराब हो गई है।हालात यह है कि जलदाय विभाग अवैध कनेक्शनों पर अब तक कार्रवाई नहीं कर पाया है। लोग बिना विभाग की अनुमति के धड़ल्ले से पाइप लाइन से अपने घरों में पानी का कनेक्शन जोड़ रहे है। जो विभाग की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

जब तक पानी नहीं,तब तक टंकी पर जारी रहेगा धरना
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक पेयजल आपूर्ति पूरी तरह सुचारू नहीं हो जाती, तब तक धरना जारी रहेगा और वे नयाशहर टंकी पर ही डटे रहेंगे। धरनास्थल पर लोगों ने नाश्ता और भोजन भी वहीं करने का निर्णय लिया है। धरने में आनंद जोशी,परसराम उपाध्याय,देवराज सुथार,बाबूलाल सोनी,करणीदान सोनी,शांतिलाल,मांगीलाल,भंवर सुथार,रामकिशन सोनी,ओमप्रकाश सुथार,जयराम सुथार,जयकिशन सुथार, भेरूसिंह,राम तिवारी,श्रवण सुथार,सुरेश जांगिड़,विजय कुमार सोनी, रितेश स्वामी,विष्णु पारीक सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।