तहलका न्यूज,बीकानेर। लंबे समय से शहर भाजपा के जिलाध्यक्ष को लेकर बनी ऊहापोह की स्थिति अब स्पष्ट होने की राह पर है। जिसके चलते बीकानेर शहर को जल्द ही नया अध्यक्ष मिलने की संभावना प्रबल होती नजर आ रही है। ऐसे में इसको लेकर किसी को कानों कान खबर दिए बिना भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों ने अध्यक्ष के दावेदारों से नामांकन भरवा लिए है। हालांकि भाजपा जिलाध्यक्ष का मनोनयन तो सोमवार को होगी। लेकिन आज प्रक्रिया के तहत सात जनों ने नामांकन दर्ज कर दिए है। संभाग कार्यालय में प्रभारी दशरथ सिंह की अगुवाई में नामांकन किए गए है। नामांकन भरने वालों में पूर्व यूआईटी चेयरमैन महावीर रांका,मोहन सुराणा,राजेन्द्र पंवार,अविनाश जोशी,अनिल शुक्ला,अशोक प्रजापत और महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ शामिल है।

कई नामों पर नहीं बन रही एक राय
विश्वस्त सूत्रों की माने तो ऐसे कई नाम है जिन पर संगठन स्तर पर एक राय नहीं बन पा रही है। बताया जा रहा है कि किसी को पार्टी विरोधी गतिविधियों का दोषी माना जा रहा है तो कोई स्थानीय विधायकों की आंख की किरकिरी बना हुआ है। ऐसे में पार्टी में कलह को दूर करने का पार्टी तरीका निकाल रही है। अंदर खाने की बात तो यह है कि पार्टी महिला शक्ति पर अपना फैसला ले सकती है। हालांकि अभी तक यह तय नहीं हुआ है। फिर भी पार्टी की गाइडलाइन में महिला आरक्षण को तरजीह देने की रीति नीति पर गहनता से मंथन किया जा रहा है।

कही बढ़ न जाएं खींचतान
सूत्रों की माने तो जिलाध्यक्ष की नियुक्ति के बाद पार्टी में खींचतान बढऩे की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। जानकारी मिली है कि मंत्री व विधायकों में शह और मात के इस खेल में काफी हद तक पार्टी को नुकसान हो सकता है। जिसको लेकर भी प्रदेश स्तर पर चर्चाओं को दौर शुरू हो गया है।