तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर से ग्रामीण अंचलों तक चोरों का आतंक जारी है।अब चोर पुलिस के लिये चुनौती बने हुए है।जिसके चलते अब लोग अपने घरों को भी सुरक्षित नहीं मान रहे है और रात्रिकालीन गश्त पर भी सवाल उठा रहे है। शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र में मुरलीधर व्यास कॉलोनी में चोरों ने बंद मकान को सैंधमारी कर लाखों के जेवर व नकदी चुरा लिए।जानकारी मिली हे कि एमडीवी के सेक्टर डी 764 स्थित जयराम ओझा के बंद मकान में चोरों ने लोहे की खिड़की कूदकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया।चोर मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे।वहां सभी कमरों और अलमारियों के ताले तोड़कर सारा सामान बिखेर दिया। वहां से दो लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 15 हजार रुपए से अधिक की नकदी चुरा ले गए।बताया जा रहा है कि मकान मालिक जयराम ओझा पिछले 20 दिन से लखनऊ में अपने बेटे के पास गए हुए थे।वारदात की जानकारी शुक्रवार शाम को तब हुई,जब तेज आंधी के दौरान पड़ोस में रहने वाले उनके भाई और भतीजों ने मकान का मुख्य दरवाजा खुला देखा।घर के अंदर बिजली की लाइटें भी जल रही थीं। वे जब अंदर गए तो सारा सामान बिखरा पड़ा था और लाइटें जल रही थी।चोर चोरी करने के बाद ताला तोडऩे के औजार भी मौके पर ही छोड़ गए। जयराम ओझा के भाई ओमप्रकाश ओझा ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस थाने में दी। देर रात तक पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
लगातार बढ़ रही चोरियां बढ़ा रही चिंता
पिछले लंबे समय से शहर व जिले के अनेक थानान्तर्गत हो रही चोरियां अब चिंता का विषय बनती जा रही है। जिसके कारण लोगों में भय का माहौल है। इतना ही नहीं चोरी की वारदातें नहीं खुलने से आमजन का पुलिस से भरोसा भी उठने लगा है। पीडि़त फरियाद लिए थानों के चक्कर द चक्कर काटते है। किन्तु उनकी सुनवाई नहीं हो रही है और उन्हें यह कहकर टालमटोल की जाती है कि पता लगा रहे है।हालात यह है कि पुलिस पर दबाव आता है तो वे एक आधी चोरी की वारदात का पर्दाफाश कर देते है।
