pngtree-calendar-2026-picture-image_16678050

 

तहलका न्यूज,बीकानेर। राज्य सरकार ने साल 2026 के लिए सार्वजनिक और ऐच्छिक छुट्टियों का टाइम टेबल घोषित कर दिया है। सरकारी कर्मचारियों के लिए 31 सार्वजनिक और 19 ऐच्छिक छुट्टियां हैं। 19 ऐच्छिक छुट्टियों में से केवल दो छुट्टी ली जा सकती है।सामान्य प्रशासन विभाग ने गुरुवार को छुट्टियों का कैलेंडर जारी किया। अगले साल 12 सप्ताह ऐसे हैं, जिनमें कर्मचारियों को 3-3 दिन की छुट्टी मिलेगी। त्योहारों के सार्वजनिक अवकाश पर शनिवार-रविवार होने के कारण 9 छुट्टी कम हो गई हैं। 7 सप्ताह में शुक्रवार को सार्वजनिक अवकाश है,इसके बाद शनिवार और रविवार की छुट्टी है। 5 सप्ताह ऐसे हैं,जिनमें शनिवार,रविवार के बाद सोमवार का सार्वजनिक अवकाश है। सोमवार के सार्वजनिक अवकाश की वजह से भी सरकारी कर्मचारियों की सप्ताह में लगातार तीन दिन छुट्टियां रहेंगी। इन छुट्टियों के अलावा कलेक्टर अपने जिले में साल के 2 अवकाश घोषित कर सकेंगे। बैंक कर्मचारियों के लिए वित्त विभाग छुट्टियों का कैलेंडर अलग से जारी करेगा।

अगले साल महाशिवरात्रि और दिवाली रविवार को
अगले साल महाशिवरात्रि और दिवाली रविवार को है,साप्ताहिक छुट्‌टी के दिन ये पर्व होने से कर्मचारियों को कम छुट्टी मिलेगी।

सोमवार के दिन 5 सार्वजनिक छुट्‌टी,इस वजह से 5 सप्ताह में 3-3 छुट्टी
सोमवार के दिन 5 सार्वजनिक छुट्‌टी होने से 5 सप्ताह में शनिवार और रविवार को मिलाकर 3-3 छुट्टी हो जाएगी। सोमवार को 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस),2 मार्च होलिका दहन,21 सितंबर को रामदेव जयंती और तेजा दशमी,19 अक्टूबर को दुर्गाष्टमी,9 नवंबर को गोवर्धन पूजा का अवकाश है।

ये 6 सार्वजनिक छुट्‌टी रविवार को होने की वजह से 6 छुट्टी कम मिलेगी
रविवार 25 जनवरी को देवनारायण जयंती,15 फरवरी को महाशिवरात्रि, 19 अप्रैल को परशुराम जयंती,9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस,11 अक्टूबर को नवरात्र स्थापना,8 नवंबर को दीपावली का सार्वजनिक अवकाश है,हर शनिवार-रविवार को साप्ताहिक अवकाश होता है, इसलिए ये छुट्टियां कम हो गई हैं।

ये तीन सार्वजनिक छुट्‌टी शनिवार को होने से तीन छुट्टी कम
शनिवार 21 मार्च को इदुलफितर,11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती,15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस।