तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले के छतरगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को दो पक्षों के बीच चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।आपसी समझौते के लिए बुलाई गई खारवाली की सुरजनवाली में पंचायत के दौरान ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते धारदार चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया।हमले में पिता-पुत्र सहित तीन जने की मौत हो गई।जबकि मामा घायल हो गया है,जिसका उपचार जारी है।भरी पंचायत के बीच हुए इस ट्रिपल हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई,जबकि गांव में दहशत और तनाव का माहौल बन गया।इस घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था।इसी विवाद को समाप्त करने के उद्देश्य से गांव के पंच-पटेलों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई थी। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने चाकुओं से हमला बोल दिया।हमले में तीन लोगों 60 वर्षीय अली शेर,55 वर्षीय जिंदू पुत्र याकूब व 25 वर्षीय करीम पुत्र जिंदू की मौत हो गई।वहीं 35 वर्षीय नब्बू खां घायल हो गया।मृतकों में जिंदू व करीम पिता पुत्र थे।मरने वालों में एक नब्बू खां का बहनोई और एक भांजा है।घटना की सूचना मिलते ही छतरगढ़ थानाधिकारी नवनीत सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे।इसके बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।गांव में दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद को समाप्त करने के लिए पंचायत बुलाई गई थी।ग्रामीणों को उम्मीद थी कि बातचीत से समाधान निकल जाएगा,लेकिन कुछ ही देर में माहौल गरमा गया और विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।बताया जा रहा है कि पुलिस ने एक आरोपी को राउंडअप किया है।
लड़की के रिश्ते की बात को लेकर हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सत्तासर क्षेत्र में लड़की के रिश्ते की बात को लेकर मामा-भांजा पक्षों के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढऩे के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला हिंसक संघर्ष में तब्दील हो गया।इस दौरान हुए हमले में तीन लोगों की जान चली गई।मृतकों में दो व्यक्ति खारवाली गांव तथा एक व्यक्ति सुरजनवाली गांव का निवासी बताया जा रहा है।घटना की सूचना मिलते ही खाजूवाला वृत्ताधिकारी आकांक्षा चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया।वहीं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त जाब्ता तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लिया है।
तीन हत्याओं से दहला इलाका
चाकुओं से हुए हमले में तीन लोगों की मौत के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। भरी पंचायत के बीच अचानक हुए हमले से हर कोई दहशत में है।सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। तिहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। फिलहाल, गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
