726432727_1686905052617604_4744476199954777226_n

बस-बाइक और दो कारों की भिड़ंत
तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले में दो थाना क्षेत्र में हुए अलग अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई।जबकि तीन अन्य घायल हुए है।बताया जा रहा है कि लूणकरणसर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गैस गोदाम के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर लोक परिवहन की बस और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार श्रीगंगानगर से बीकानेर की ओर जा रही लोक परिवहन सेवा की बस की टक्कर उरमूल ट्रस्ट के पास बाइक से हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।मृतक की पहचान चेतराम निवासी चक 295 के रूप में हुई है।पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

दो कारों की भिड़ंत,तीन जने हुए घायल
जिले के देशनोक थानान्तर्गत दो कारों की भिड़ंत में तीन जने घायल हो गये है। जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से पीबीएम अस्पताल ले जाया गया।मिली जानकारी के अनुसार बीकानेर-जोधपुर हाईवे पर स्थित देशनोक ओवरब्रिज पर दो कारों की टक्कर हो गई।इस हादसे में एक गर्भवती महिला सहित दो लोग घायल हो गए। लोगों ने बताया कि यह घटना देशनोक ओवरब्रिज पर तब हुई जब बीकानेर से ढिंगसरी की ओर जा रही एक कार पुल पर चढ़ रही थी और दूसरी कार से उसकी टक्कर हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे के समय कार में कुल चार लोग सवार थे। इस दुर्घटना में मुख्य रूप से गर्भवती महिला सुशीला और हुकुम सिंह घायल हुए हैं।हादसा होते ही ओवरब्रिज और आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।गोपाल दान, झंवरलाल दिनेश दान, जगदीश दान,राकेश सेन और रामधन सुथार सहित कई ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू किया।इन ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त गाड़ी के दरवाजे खोलकर गर्भवती सुशीला और हुकुम सिंह सहित सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने निजी वाहनों और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया,जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।