तहलका न्यूज,बीकानेर।आयकर आयुक्त (टीडीएस),राजस्थान शैलेन्द्र शर्मा के निर्देशानुसार अपर आयकर आयुक्त श्रीमती निधि नायर एवं एचसीएम रीपा के अतिरिक्त निदेशक नरेन्द्र थोरी के मार्गदर्शन में हरीशचंद्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान (रीपा) में एक विशेष टीडीएस सेमिनार का आयोजन किया गया।यह कार्यशाला नव नियुक्त कनिष्ठ लेखाकारों के बैच के लिए आयोजित की गयी थी जिसमें राजस्थान के विभिन्न हिस्सों से आये तकरीबन 100 जूनियर अकाउंटेन्ट्स ने भाग लिया। कार्यशाला के मुख्य वक्ता आयकर अधिकारी (टीडीएस)रामकृष्ण जाखड़ थे।उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए नये आयकर अधिनियम,2025 के तहत टीडीएस एवं टीसीएस से जुड़े नवीन प्रावधानों और नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सरकारी विभागों में टीडीएस की समय पर कटौती और उसे नियमानुसार समय पर जमा करने के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विशिष्ट वक्ता के रुप में उपस्थित चार्टर्ड अकाउंटेण्ट अंकुश चौपड़ा ने नये अधिनियम के तहत टीडीएस रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया,सामान्य त्रुटियों और उनके सुधार से जुड़े तकनीकी पहलुओं को बारीकी से समझाया।कार्यक्रम के दौरान आयकर निरीक्षक बलदेव सारण ने उपस्थित लेखाकारों की विभिन्न शंकाओं और सवालों का समाधान किया और अंत में प्रतिभा कस्वां ने धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया।इस सेमिनार का मुख्य उद्देश्य राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में नियुक्त होने वाले कनिष्ठ लेखाकारों को नये वित्तीय एवं कर नियमों के प्रति जागरुक करना था ताकि वो अपने राजकीय कार्यों में टीडीएस संबंधी दायित्त्वों का शुद्धता एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन कर सकें।